Advertisement
Advertisement
होम / Rohtak Railway Station Murder Case: रोहतक रेलवे स्टेशन पर पूर्व फौजी ने महिला को गोली मार उतारा मौत के घाट, वजह जान हैरान रह जाएंगे

Rohtak Railway Station Murder Case: रोहतक रेलवे स्टेशन पर पूर्व फौजी ने महिला को गोली मार उतारा मौत के घाट, वजह जान हैरान रह जाएंगे

BY: • LAST UPDATED : July 12, 2025
Inkhabar Haryana, Rohtak Railway Station Murder Case: हरियाणा के रोहतक रेलवे स्टेशन पर एक सनसनीखेज वारदात में एक पूर्व सैनिक ने खुलेआम एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना न केवल एकतरफा प्रेम की वहशी हदें पार करने वाली थी, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े करती है। आरोपी हत्या के बाद करीब 15 मिनट तक हाथ में बंदूक लेकर फोन पर बात करता रहा और इस दौरान पास में पुलिसकर्मी भी खड़े रहे, लेकिन कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

क्या हैं पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मृतक महिला पिंकी जुलाना (जींद) की रहने वाली थी और रोहतक में एक निजी कंपनी में काम करती थी। पिंकी रोजाना की तरह शुक्रवार शाम घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची थी। तभी कोटक महिंद्रा बैंक में सुरक्षा कर्मी के तौर पर तैनात और मूल रूप से लिजवाना गांव (जींद) निवासी पूर्व फौजी वजीर सिंह ने प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर अचानक उस पर फायरिंग कर दी। गोलियों से गंभीर रूप से घायल पिंकी को तुरंत पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या के बाद 15 मिनट तक खड़ा रहा आरोपी

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गोली चलाने के बाद आरोपी वजीर सिंह प्लेटफॉर्म पर ही खड़ा रहा। वह हाथ में बंदूक लिए मोबाइल फोन चलाता रहा, जबकि वहां पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी मौजूद थे। कोई भी तुरंत एक्शन लेने की स्थिति में नजर नहीं आया। इस दौरान पूरा प्लेटफॉर्म स्तब्ध था और लोग तमाशबीन बने रहे।

Advertisement

पहले भी दी थी धमकी

मृतका के पति रामहेर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी वजीर सिंह उनकी पत्नी पर एकतरफा प्यार करता था और पिछले दो महीनों से लगातार उसका पीछा कर रहा था। उन्होंने बताया कि वह रोजाना पिंकी को दफ्तर से लाने जाते थे क्योंकि वजीर कई बार उसे धमकी दे चुका था। लेकिन दुर्भाग्यवश शुक्रवार को वे किसी जरूरी काम में फंसे रह गए और इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने हत्या कर दी। वजीर सिंह बेटे को नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ चुका था। उन्होंने वजीर पर पैसे के लेन-देन के अलावा पत्नी को फंसाने की लगातार कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

क्या हैं पुलिस का बयान?

घटना की पुष्टि करते हुए जीआरपी थाना प्रभारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी वजीर सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह महिला से एकतरफा प्रेम करता था और जब वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सका, तो उसने गोली मारकर उसकी जान ले ली। शनिवार को पिंकी का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।