




Inkhabar Haryana, Shopkeeper Attack in Bahadurgarh: हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने आमजन की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उधार पर सामान देने से इनकार करना एक दुकानदार के लिए इतना भारी पड़ गया कि उसे और उसके दोस्तों को लाठी-डंडों से पीटा गया, गाड़ी के शीशे तोड़े गए और पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं।
बहादुरगढ़ की बैंक कॉलोनी में पिछले कई वर्षों से अपनी दुकान चला रहे नारायण नामक दुकानदार ने बताया कि उसी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला बीते दो महीने से उससे उधार पर सामान ले रही थी। महिला पर करीब 8 हजार रुपये का बकाया हो चुका था। जब नारायण ने महिला से बकाया चुकाने की बात कही और अगली बार उधार देने से साफ इनकार किया, तो यही बात बाद में उसकी जान पर भारी पड़ गई।
घटना गुरुवार देर रात करीब 11 बजे की है। नारायण अपने कुछ दोस्तों के साथ दुकान बंद करने के बाद बाहर गाड़ी में बैठा था। तभी अचानक 8 युवक हाथों में लोहे की रॉड और डंडे लेकर वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे दुकानदार और उसके दोस्तों पर हमला बोल दिया। युवकों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और सभी को बेरहमी से पीटा। इस हमले में दुकानदार के एक दोस्त को सिर में गंभीर चोट आई, जिसे तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात स्पष्ट रूप से कैद हुई है।
दुकानदार नारायण ने इस हमले की शिकायत तुरंत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है लेकिन हमलावरों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। दुकानदार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसे अपनी जान का खतरा है और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया।
एक तरफ यह वारदात खुलेआम हुई, दूसरी तरफ CCTV फुटेज में हमलावरों के चेहरे साफ नजर आने के बावजूद पुलिस की धीमी कार्यवाही ने बहादुरगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




