Advertisement
Advertisement
होम / Sirsa Crime News: सिरसा में हिरण का शिकार, बिश्नोई समाज में उबाल, प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग

Sirsa Crime News: सिरसा में हिरण का शिकार, बिश्नोई समाज में उबाल, प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग

BY: • LAST UPDATED : December 26, 2024
विनोद लांबा, दिल्ली
Inkhabar Haryana, Sirsa Crime News: हरियाणा के सिरसा जिले के जांडवाला बिश्नोईया गांव में शिकारियों द्वारा हिरण का शिकार किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना से न सिर्फ पर्यावरणविद नाराज हैं, बल्कि बिश्नोई समाज भी काफी गुस्से में है। जीव-जंतुओं की रक्षा के लिए समर्पित बिश्नोई समाज ने इस घटना का कड़ा विरोध किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना जंडवाला बिश्नोईया गांव के पास आसा खेड़ा रोड पर देशकमल नंबरदार के खेतों में हुई। पुलिस को जानकारी मिली कि खेतों में एक हिरण को मारा गया है। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि हिरण का पेट पूरी तरह से कटा हुआ था और उसके शरीर के कई अंग गायब थे। हिरण की इस दुर्दशा को देखकर ग्रामीणों और बिश्नोई समाज के लोगों में गुस्सा फैल गया।

पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर हिरण का पोस्टमार्टम करवाया गया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि हिरण को गोली मारने के साथ-साथ तेजधार हथियार का भी इस्तेमाल किया गया था। घटना स्थल से कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए हैं, जिनकी जांच पुलिस और वाइल्डलाइफ विभाग कर रहे हैं।

Advertisement

समाज में रोष और प्रशासन पर सवाल

बिश्नोई समाज, जो जीव रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए जाना जाता है, ने इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। गांव के लोग और जीव रक्षा बिश्नोई टीम के सदस्य मौके पर जमा हुए और जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।

बिश्नोई समाज के प्रतिनिधि कुलदीप कुमार ने बताया कि यह पहली बार है जब सिरसा जिले में हिरण का शिकार हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना से पहले जीव हत्या करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा गया था, लेकिन बाकी आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। कुलदीप ने कहा कि जीव हत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

पुलिस ने जीव रक्षा टीम के चंद्रमोहन बिश्नोई के बयानों के आधार पर अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वाइल्डलाइफ अधिकारी रिछपाल सिंह के साथ मिलकर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने बिश्नोई समाज को आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समाज की मांग

बिश्नोई समाज और ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और शिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। जीव हत्या जैसी घटनाओं को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई है।