Inkhabar Haryana, Son elopes with stepmother in Nuh: रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना नूंह जिले के पुन्हाना थाना क्षेत्र के गांव बासदल्ला से सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय किशोर अपनी 40 वर्षीय सौतेली मां को लेकर फरार हो गया। यह घटना न केवल समाज की सोच पर सवाल खड़े करती है, बल्कि पवित्र माने जाने वाले मां-बेटे के रिश्ते को भी कलंकित करती है।
क्या हैं पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित रामकिशन पुत्र कन्हैया ने बताया कि करीब 18 साल पहले उसकी पहली शादी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) में हुई थी, जिससे उसे एक बेटा हुआ। कुछ सालों बाद उसकी पहली पत्नी का निधन हो गया। जीवन में स्थिरता लाने के लिए रामकिशन ने दूसरी शादी की इस बार गुरुग्राम के सोहना से और यह रिश्ता करीब 15 सालों तक सामान्य रूप से चला। इस दूसरी शादी से एक बेटी भी हुई।
रामकिशन का बेटा, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद बिछुड़ गया था, किसी तरह अपने पिता का पता लगाकर तीन महीने पहले पुन्हाना पहुंचा। पिता रामकिशन ने बेटे को अपनाया और वह परिवार के साथ रहने लगा। शुरूआत में सब सामान्य था बेटा सौतेली मां को सम्मानपूर्वक ‘मां’ कहकर बुलाता, उनके पैर छूता और घरेलू जीवन का हिस्सा बन गया।
तीन महीने में बदल गया भावनाओं का रुख
लेकिन वक्त के साथ सब कुछ बदलता गया। घर में रहते-रहते बेटे और सौतेली मां के बीच एक असामान्य रिश्ता पनपने लगा, जिसने समाजिक व पारिवारिक रिश्तों की सीमाओं को लांघ दिया। तीसरे महीने के अंत तक स्थिति ऐसी हो गई कि एक दिन दोनों अचानक घर से लापता हो गए।
बाप ने बताया अपना दुख
इस हादसे से आहत रामकिशन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनका बेटा अभी नाबालिग है (17 वर्ष) और उनकी पत्नी 40 साल की है। उन्होंने कहा कि जिस बेटे को मैंने वर्षों बाद गले लगाया, वही मेरी दुनिया उजाड़ गया। अब मेरा इस दुनिया में कोई नहीं है, न बेटा, न पत्नी, न सहारा। मुझे अब कुछ नहीं सूझता। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। लोग इस रिश्ते को लेकर स्तब्ध हैं और मामले की कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुन्हाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों की तलाश शुरू कर दी है।