




Sonipat Crime: दिल्ली के चार दोस्त 12 अक्तूबर की शाम को मुरथल पराठे खाने आए थे। वे दो बाइकों पर सवार होकर वापस दिल्ली जा रहे थे, तभी एक बड़ा हादसा हो गया। रात करीब सवा 12 बजे, नेशनल हाईवे-44 पर हरियाणा के सोनीपत स्थित राई क्षेत्र में बीसवां मील चौक के पास, एक ईको वैन ने उनकी एक बाइक को टक्कर मार दी। इस बाइक पर विशाल गुप्ता और उनके दोस्त अंकित गुप्ता सवार थे।
हादसे के बाद विशाल और अंकित दोनों बाइक से गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। विशाल ने तुरंत अपने आगे चल रहे दोस्तों मनीष और अभिषेक को फोन करके हादसे की जानकारी दी। मनीष और अभिषेक ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। विशाल को पहले सोनीपत के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उन्हें दिल्ली के आंबेडकर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों को विशाल का बायां हाथ काटना पड़ा।
दूसरी ओर, अंकित की हालत और भी ज्यादा गंभीर थी। उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। विशाल ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह एक बैंक में लोन एजेंट हैं और उस दिन अपने तीन दोस्तों, अंकित, मनीष और अभिषेक के साथ मुरथल पराठे खाने गए थे। वापसी के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने ईको वैन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।




