Inkhabar Haryana, Sonipat Crime News: हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा थाना क्षेत्र के थाना कला गांव में बुधवार देर शाम जमीन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मामूली झगड़े की शुरुआत इतनी बढ़ी कि लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस झगड़े में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमला देवी की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
क्या हैं पूरा मामला?
थाना कला गांव में करीब 400 वर्ग गज के प्लॉट को लेकर दो परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। जगत नामक व्यक्ति ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। आरोप था कि विरोधी पक्ष ने न केवल प्लॉट की दीवार गिरा दी, बल्कि वहां गेट भी लगाने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बुधवार शाम जगत अपने परिवार के सदस्यों और गांव के कुछ लोगों के साथ प्लॉट का मुआयना करने पहुंचा। तभी दोनों पक्षों में फिर बहस शुरू हो गई और देखते-देखते मामला हिंसा में बदल गया। झगड़े में दोनों तरफ से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल हुआ। इसी दौरान जगत की बुआ कमला देवी, जोकि अपने ससुराल रोहतक के मकडौली से आई हुई थीं, भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घायलों की स्थिति
इस संघर्ष में जगत, उसके चाचा सेवा सिंह और रेनू सहित कई लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से राजकुमार, कृष्ण, बबीता, कृष्णा, मोहित, चाहत और विकास भी गंभीर चोटों से जूझ रहे हैं। सभी को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सोनीपत के शवगृह में रखवा दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र ने बताया कि मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि जमीन-जायदाद के विवाद किस तरह खून-खराबे में बदल जाते हैं और परिवारों के बीच गहरी दरार डाल जाते हैं।