Inkhabar Haryana, Yamunanagar news: हरियाणा के यमुनानगर के रेलवे रोड क्षेत्र में गुरुवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्थानीय लोगों ने एक बुजुर्ग महिला को बच्चा चोर समझकर घेर लिया। महिला अपने साथ करीब एक साल के बच्चे को लेकर घूम रही थी। शक की वजह यह बनी कि महिला शराब के नशे में थी और बच्चे के बारे में पूछे जाने पर स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही थी। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई और मामला इतना गंभीर हो गया कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
क्या हैं पूरा मामला?
गवाहों के मुताबिक, महिला को सबसे पहले एक दुकानदार ने रोका। जब महिला से बच्चे के बारे में सवाल किया गया तो उसके जवाब उलझे हुए लगे। चूंकि महिला नशे की हालत में थी और उसकी छवि पहले से ही लोगों में संदिग्ध मानी जाती थी, इसलिए भीड़ ने उस पर बच्चा चोरी का आरोप लगा दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
असलियत में क्या था?
स्थिति बिगड़ती देख किसी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला और बच्चे को सिटी थाना ले जाकर मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) को भी बुलाया गया।
CWC की टीम ने महिला से पूछताछ की और परिजनों को थाने बुलाकर दस्तावेजों की जांच की। आधार कार्ड और अन्य प्रमाण पत्रों से यह स्पष्ट हो गया कि बच्चा वास्तव में महिला का ही पोता है। दरअसल, बच्चे की मां यानी महिला की पुत्रवधु का निधन हो चुका है, और तब से वही उसकी देखभाल कर रही है।
स्थानीय दुकानदार की गवाही
स्थानीय दुकानदार हैरी भाटिया ने बताया कि कुछ दिन पहले यह महिला उसे नशे की हालत में सड़क पर मिली थी, जिस पर उसने अस्थायी तौर पर उसे ठिकाना दिया था। बाद में महिला अचानक गायब हो गई, जिससे लोगों के बीच उसका संदेह और बढ़ गया। यही वजह रही कि जब उसे बच्चे के साथ घूमते देखा गया तो लोगों को शक हो गया और उन्होंने उसे पकड़ लिया।