Advertisement
Advertisement
होम / Faridabad News: गुर्जर महोत्सव का उद्देश्य पुराने रीति रिवाजों से युवा पीढ़ी को अवगत करना – राजेश नागर

Faridabad News: गुर्जर महोत्सव का उद्देश्य पुराने रीति रिवाजों से युवा पीढ़ी को अवगत करना – राजेश नागर

BY: • LAST UPDATED : December 23, 2024
Inkhabar Haryana, Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड मेला मैदान में गुर्जर आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गुर्जर महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। इस महोत्सव का उद्घाटन हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर ने किया। महोत्सव का उद्देश्य गुर्जर समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पुराने रीति-रिवाजों को जीवंत करना है।

संस्कृति और परंपराओं की अनोखी झलक

राज्य मंत्री राजेश नागर ने उद्घाटन समारोह के दौरान कहा कि सूरजकुंड में तीसरी बार आयोजित हो रहे इस गुर्जर महोत्सव का उद्देश्य हमारी युवा पीढ़ी को गुर्जर समाज की परंपराओं और रीति-रिवाजों से परिचित कराना है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन उस स्थान पर हो रहा है, जहां हर साल अंतरराष्ट्रीय स्तर का सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला आयोजित होता है।

गुर्जर महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए समाज के लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में गुर्जर समाज की सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को प्रदर्शित किया गया। महोत्सव में कश्मीर से कर्नाटक तक के लोकगीत, लोकनृत्य, खानपान, परिधान और आभूषणों की प्रदर्शनी लगाई गई।

Advertisement

गौरवशाली इतिहास पर चर्चा

महोत्सव के दौरान गुर्जर जाति की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और परंपराओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकनृत्य, रागिनी गायन, और गुर्जर खानपान की विभिन्न वस्तुओं ने दर्शकों का दिल जीता। आयोजन स्थल पर गुर्जर सांस्कृतिक प्रदर्शनी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास, कला और विरासत पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें गुर्जर समाज के ऐतिहासिक योगदान को दर्शाने वाले चित्र, झांकियां और साहित्यिक सामग्री प्रदर्शित की गई। महोत्सव में युवा पीढ़ी को समाज के गौरवशाली अतीत से जोड़ने का प्रयास किया गया।

प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें अमरोहा के सांसद कंवर सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब सिंह नागर, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के अध्यक्ष सामरमल गुर्जर, और भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष राजबाला सरधना प्रमुख थे। इनके अलावा समाजसेवी, राजनीतिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को विशेष बनाया।