Inkhabar Haryana, CM Nayab Saini Video Call with Haryana Topper: शिक्षा के क्षेत्र में कैथल जिले के स्यों माजरा गांव से एक शानदार मिसाल पेश करते हुए अर्पणदीप ने हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में 500 में से 497 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस असाधारण उपलब्धि पर प्रदेशभर में गौरव और प्रसन्नता की लहर दौड़ पड़ी है।
सरकारी स्कूल से की थी पढ़ाई
अर्पणदीप जो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, स्यों माजरा का छात्र है, ने अपने कठोर परिश्रम, अनुशासन और निरंतर लगन से यह सफलता अर्जित की है। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले अर्पणदीप के पिता, यादवेंद्र सिंह, ने बेटे की पढ़ाई में हमेशा प्रोत्साहन दिया और संसाधनों की सीमितता के बावजूद किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी।
सीएम ने दी बधाई
बोर्ड के नतीजे घोषित होते ही जैसे ही यह बात सामने आई कि अर्पणदीप ने प्रदेश में टॉप किया है, परिवार, स्कूल और गांव में जश्न का माहौल बन गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं वीडियो कॉल के माध्यम से अर्पणदीप को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने न केवल छात्र को, बल्कि उसके पिता यादवेंद्र सिंह को भी फोन कर इस उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सराहा।