Advertisement
Advertisement
होम / Haryana Board Exam: हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू, नकल रोकने के लिए किए ये कड़े इंतजाम

Haryana Board Exam: हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू, नकल रोकने के लिए किए ये कड़े इंतजाम

BY: • LAST UPDATED : February 27, 2025

Inkhabar Haryana, Haryana Board Exam: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से जिले में शुरू हो रही हैं। इस बार परीक्षा में 25,000 से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनके लिए कुल 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकल रहित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्त प्रावधान किए गए हैं। प्रत्येक छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच करानी होगी। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ियां या अन्य संचार उपकरणों की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा, परीक्षा के दौरान कड़ी निगरानी रखने के लिए जिले में तीन उड़ान दस्ते गठित किए गए हैं, जो अलग-अलग केंद्रों पर जाकर जांच करेंगे।

समय और ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य

इस बार परीक्षा के लिए कड़े नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन करना सभी परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य होगा। पहली परीक्षा 10वीं कक्षा के गणित विषय की होगी, जो दोपहर 12:30 से 3:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले छात्रों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा, और 12:00 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा।परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र, लेखन सामग्री और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा। नियमों के अनुसार, छात्रों को जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई छात्र जूते पहनकर आता है तो उसे परीक्षा केंद्र के बाहर ही जूते उतारने होंगे।

तीन स्तरों पर होगी निगरानी

परीक्षा को नकल मुक्त बनाने के लिए तीन स्तरों पर जांच की जाएगी। जिला उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।