Advertisement
Advertisement
होम / HBSE Class 10th Result 2025: हरियाणा का छात्र प्रशांत बना अपने ब्लॉक का टॉपर, खंड शिक्षा अधिकारी ने किया सम्मानित

HBSE Class 10th Result 2025: हरियाणा का छात्र प्रशांत बना अपने ब्लॉक का टॉपर, खंड शिक्षा अधिकारी ने किया सम्मानित

BY: • LAST UPDATED : May 15, 2025
Inkhabar Haryana, HBSE Class 10th Result 2025: शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभाएं भी किसी से कम नहीं हैं। इसका प्रमाण इंद्री खंड के गांव मुखाला में स्थित दून पब्लिक स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र प्रशांत ने प्रस्तुत किया, जो वार्षिक परीक्षा परिणामों में इंद्री ब्लॉक टॉपर बना है। प्रशांत की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बुधवार को स्कूल परिसर में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह मंढ़ाण ने उसे सम्मानित किया।

विद्यालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

समारोह के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने न केवल प्रशांत को बल्कि अन्य मेधावी छात्रों को भी प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार भेंट कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर डॉ. मंढ़ाण ने शिक्षा के साथ-साथ जीवनशैली से जुड़ी कई अहम बातों पर छात्रों को जागरूक किया।
डॉ. गुरनाम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे की ओर बढ़ते देखना चिंताजनक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि खेलों में भाग लेने से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में समय-समय पर अवगत कराएं।

मोबाइल का संतुलित उपयोग जरूरी

खंड शिक्षा अधिकारी ने छात्रों को मोबाइल फोन के विवेकपूर्ण प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल जहां ज्ञान का स्रोत है, वहीं इसका अत्यधिक उपयोग बच्चों की एकाग्रता और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने छात्रों को विभिन्न शैक्षणिक ऐप्स के माध्यम से ज्ञान अर्जन की प्रेरणा दी। डॉ. मंढ़ाण ने कहा कि सरकार की नई शिक्षा नीति से शिक्षा का स्तर ऊंचा हुआ है और अब सरकारी स्कूलों में भी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से सरकारी स्कूलों की ओर विश्वास बढ़ाने की अपील की।

Advertisement

प्रशांत ने दी सफलता का श्रेय परिवार और अध्यापकों को

ब्लॉक टॉपर बने प्रशांत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अध्यापकों को दिया। उसने कहा कि उनकी मेहनत, मार्गदर्शन और विश्वास ने उसे यह मुकाम हासिल करने में मदद की। प्रशांत ने कहा कि वह भविष्य में भी इसी तरह मेहनत कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहता है।