




Inkhabar Haryana, HBSE Haryana Board 12th Result 2025: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा मंगलवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। इस बार का परिणाम न केवल छात्रों के लिए गौरवपूर्ण रहा, बल्कि कई जिलों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभाओं के माध्यम से प्रदेशभर में नाम रोशन किया। कैथल, रेवाड़ी और चरखी दादरी जिलों के छात्रों ने इस बार बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश के टॉपर्स की सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
कैथल जिले के चीका उपमंडल के गांव स्यो माजरा निवासी अर्पणदीप ने प्रदेशभर में ओवरऑल टॉप किया है। अर्पणदीप कॉमर्स स्ट्रीम का छात्र है और गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ाई करता है। उन्होंने सभी स्ट्रीम्स में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल गांव में, बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर है।
रेवाड़ी जिले के कोसली स्थित एसकेजी स्कूल के छात्र रजत पुत्र सुरेंद्र सिंह ने 500 में से 493 अंक प्राप्त कर राज्य के टॉप 10 छात्रों में स्थान बनाया है। रजत ने गणित में 100 में से 100, फिजिक्स में 98, केमिस्ट्री में 98 और अंग्रेजी में 97 अंक प्राप्त किए। मूल रूप से महेंद्रगढ़ के गांव नांगल सिरोही निवासी रजत, अपनी बुआ के घर कोसली के श्याम नगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रजत का सपना है कि वह इंजीनियर बनकर देश की रक्षा के लिए अत्याधुनिक तकनीक विकसित करे।




