Advertisement
Advertisement
होम / Pariksha Pe Charcha 2025: सिरसा के अजय कुमार ने PM नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, गांव और स्कूल में जश्न का माहौल

Pariksha Pe Charcha 2025: सिरसा के अजय कुमार ने PM नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, गांव और स्कूल में जश्न का माहौल

BY: • LAST UPDATED : February 10, 2025
Inkhabar Haryana, Pariksha Pe Charcha 2025: हरियाणा के सिरसा जिले के कालुआना गांव के होनहार छात्र अजय कुमार ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। अजय कुमार को शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री से उनकी इस विशेष मुलाकात के बाद गांव, स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल है।

पीएम से सीधा संवाद

“परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम का आयोजन हर वर्ष छात्रों को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव से मुक्त करने और उनकी मानसिक चुनौतियों का समाधान करने के उद्देश्य से किया जाता है। इस बार हरियाणा के दो छात्रों – सिरसा जिले के अजय कुमार और महेंद्रगढ़ जिले की खुशी – का चयन इस कार्यक्रम के लिए हुआ। अजय और खुशी ने 27 जनवरी को भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद किया और उनसे परीक्षा संबंधी सवाल पूछे।

अजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके सवालों का बहुत सहजता और सरलता से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी छात्रों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार किया और परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। अजय ने इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी के बारे में बताया कि उन्होंने शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अपनी एक वीडियो अपलोड की थी, जिसके आधार पर उनका चयन हुआ।

Advertisement

परिवार में उत्सव जैसा माहौल

पीएम से मुलाकात के बाद अजय कुमार के परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनके पिता पुरुषोत्तम ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके बेटे के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। अजय की मां कृष्णा रानी ने भी अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि उनका बेटा पूरे परिवार और प्रदेश का नाम रोशन कर रहा है।

अजय की बड़ी बहन प्रवीण ने कहा कि उन्हें हमेशा से विश्वास था कि अजय कुछ बड़ा करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अजय को कविताएं लिखने का बहुत शौक है, और इस बार उसने प्रधानमंत्री के सामने अपनी कविता सुनाकर पूरे परिवार को गौरवान्वित किया।

गांव और स्कूल में उत्साह

अजय कुमार की इस उपलब्धि से उनके गांव कालुआना और स्कूल आरोही विद्यालय में भी खुशी का माहौल है। आरोही स्कूल की प्रधानाचार्य नीता नागपाल ने कहा कि अजय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर गांव और स्कूल दोनों का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि अजय पढ़ाई में भी काफी होनहार है और उसका व्यवहार भी प्रेरणादायक है। प्रधानाचार्य ने उम्मीद जताई कि अजय भविष्य में अन्य छात्रों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनेगा।