




जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन अल्लू अर्जुन के आगमन पर उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ थिएटर के बाहर उमड़ पड़ी। सुरक्षा इंतजामों में खामियों और भीड़ प्रबंधन की नाकामी के चलते हालात बेकाबू हो गए। दर्शकों ने थिएटर में घुसने का प्रयास किया, जिससे भगदड़ मच गई। इस दौरान रेवती नाम की महिला की मौत हो गई और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि थिएटर प्रबंधन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए थे। इसके अलावा, न तो अभिनेता की टीम और न ही थिएटर ने अल्लू अर्जुन के लिए अलग प्रवेश या निकास की व्यवस्था की थी, हालांकि उनके आगमन की जानकारी पहले से थी।
मृतक महिला के परिवार द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 105 और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि घटना का कारण सुरक्षा उपायों की घोर लापरवाही थी।
बता दें कि, अभिनेता ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में याचिका दायर कर एफआईआर को रद्द करने और सभी कार्यवाही पर रोक लगाने का अनुरोध किया था। लेकिन शुक्रवार को सहायक आयुक्त के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने उन्हें उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले ही थिएटर के एक सह-भागीदार सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने कहा कि यह घटना भीड़ प्रबंधन में चूक और सुरक्षा इंतजामों की कमी का नतीजा थी।




