




Inkhabar Haryana, Amaal Mallik: मशहूर सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर अमाल मलिक ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने क्लिनिकल डिप्रेशन से जूझने की बात कही। इस पोस्ट में उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की और परिवार से दूरी बनाने का निर्णय लेने की घोषणा भी की। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद उन्होंने अपनी यह पोस्ट डिलीट कर दी और अब वह अपने भाई अरमान मलिक के साथ रिश्ते को अटूट बता रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार, 20 मार्च की शाम, अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने बताया कि वह क्लिनिकल डिप्रेशन से गुजर रहे हैं। उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य पर परिवार के प्रभाव का जिक्र करते हुए लिखा कि वह अपनी शांति खो चुके हैं और इसके लिए उन्होंने अपने करीबी लोगों को जिम्मेदार ठहराया।अमाल ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि मैं अब ऐसी जगह पहुंच गया हूं, जहां मेरी शांति छिन चुकी है। इस वजह से मैं क्लिनिकली डिप्रेस हो गया हूं। इसके लिए मैं खुद को और अपने करीबी लोगों को दोष देता हूं। मैं भारी दिल से घोषणा करता हूं कि मैं अपने करीबी लोगों से रिश्ते खत्म कर रहा हूं। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद उन्होंने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया।
अमाल की इस पोस्ट के बाद उनकी मां ज्योति मलिक का भी बयान सामने आया। उन्होंने एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं। उन्होंने मीडिया से अपील की कि इस मामले में ज्यादा दखल न दिया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी हुआ, वह अमाल का निजी फैसला है।”
अमाल मलिक की इस पोस्ट के बाद उनके फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई लोगों ने चिंता व्यक्त की। सोशल मीडिया पर उन्हें सपोर्ट और प्यार देने वाले कई संदेश आए। कई फैंस ने उनकी हिम्मत की सराहना की कि उन्होंने अपने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात की।




