Inkhabar Haryana, Fateh: बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता सोनू सूद, जो अपने अभिनय से लोगों के दिलों में खास जगह बना चुके हैं, अब एक नई और साहसी भूमिका में नजर आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म फ़तेह न सिर्फ एक्शन और थ्रिलर से भरपूर है, बल्कि यह डिजिटल युद्ध की दुनिया में भी घुसपैठ करती है, जहाँ साइबर अपराधियों से लड़ा जा रहा है। फिल्म के ट्रेलर के रिलीज़ होते ही यह दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है, और सोनू सूद के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक नई शुरुआत की तरह प्रतीत हो रही है।
ट्रेलर में सोनू सूद का रोल दमदार
फ़तेह में सोनू सूद एक पूर्व स्पेशल ऑप्स अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जो एक विशाल और खतरनाक साइबर अपराधी नेटवर्क के खिलाफ अपनी लड़ाई में जुटे हैं। उनका मिशन है—इस डिजिटल युग में फैले हुए आतंक को समाप्त करना। यह फिल्म साइबर क्राइम की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एक्शन और जोखिम की दुनिया को बखूबी दिखाया गया है। ट्रेलर में एक ऐसी कहानी पेश की गई है, जिसमें एक लापता महिला से जुड़ी घटना पूरी दुनिया को युद्ध के मुहाने पर खड़ा कर देती है। फिल्म के इस शानदार ट्रेलर को देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि यह एक ऐसी थ्रिलर होने जा रही है, जो दर्शकों को अपनी सीट से चिपकाए रखेगी।
सोनू सूद के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉलीवुड के पारंपरिक एक्शन से एक कदम आगे बढ़कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने दर्शकों से जुड़ने का वादा करती है। उनका किरदार एक ऐसे आदमी का है, जिसके पास न केवल घातक कौशल है, बल्कि एक काला अतीत भी है। इस फिल्म में उनके मुकाबले कई ऐसे खतरनाक अपराधी हैं, जो निर्दोष लोगों की जिंदगी को खतरे में डालते हैं। लेकिन सोनू सूद का चरित्र बिना किसी डर के इन अपराधियों से लड़ेगा और उनका खात्मा करेगा।
ये एक्टर फिल्म में दिखेगें
फ़तेह में जैकलीन फर्नांडीज, विजय राज और नसीरुद्दीन शाह जैसे बेहतरीन कलाकारों की मौजूदगी भी इस फिल्म को और भी आकर्षक बनाती है। फिल्म के हर पात्र ने अपनी भूमिका को गहराई से निभाया है, जिससे दर्शकों को हर पल थ्रिल का अनुभव होगा।
सोनू सूद इस फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हैं और उन्होंने कहा कि यह फिल्म मेरे निर्देशन की पहली फिल्म से कहीं बढ़कर है। फ़तेह एक ऐसी दुनिया का प्रतिबिंब है जिसे हम सभी महसूस करते हैं लेकिन शायद ही कभी समझ पाते हैं। मैं इस फिल्म के जरिए उस खौ़फनाक सच को एक्शन के साथ जिंदा करना चाहता था, जो दर्शकों को चौंका दे और उन्हें अंत तक बांधे रखे। फ़तेह उन सभी के लिए एक युद्धघोष है जो इन अदृश्य खतरों का सामना कर रहे हैं और उन लोगों के लिए जो इनसे लड़ने का साहस रखते हैं।