Inkhabar Haryana, Haryanvi singer Kulbir Danoda KD Song Ban: हरियाणा में गन कल्चर और बदमाशी को बढ़ावा देने वाले गानों पर हाल ही में सरकार और प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। कई गानों को यूट्यूब से हटाया गया और कई कलाकारों को चेतावनी भी दी गई। लेकिन इस दौरान हरियाणवी सिंगर कुलबीर दनौदा उर्फ केडी का गाना ‘वेपन’ भी बैन कर दिया गया, जिसने पूरे म्यूजिक इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है।
बैन पर सिंगर का क्या कहना है?
दरअसल, केडी का दावा है कि यह गाना पूरी तरह से रोमांटिक कैटेगरी का है और इसमें न तो गन कल्चर को दिखाया गया है और न ही किसी तरह की बदमाशी को। गाने में प्रांजल दहिया ने एक्टिंग की है और इसे खुद केडी ने लिखा है। ‘वेपन’ जनवरी 2024 में रिलीज़ हुआ था और कुछ ही महीनों में इसने 20 लाख से ज्यादा व्यूज़ हासिल कर लिए थे।
क्यों हटाया गया ‘वेपन’ गाना?
गाने के बैन को लेकर अब तक कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। यूट्यूब की ओर से भी न तो कोई मेल आया और न ही कोई वार्निंग। अचानक गाना हटाए जाने से कलाकारों और फैंस दोनों में नाराजगी है। गाने में केवल दो जगह डमी बंदूकें दिखाई गई हैं, वह भी सिर्फ कंधे पर टांगी हुई। इस पर केडी का कहना है कि गाने में कहीं भी गोली चलाते या गन कल्चर प्रमोट करने जैसा सीन नहीं है। गांव के पुराने समय में चौधरियों और पंचायती लोगों के पास गन होती थी, उसी दृश्य को फिल्माने के लिए गन का इस्तेमाल किया गया था।
कलाकारों की प्रतिक्रिया
गाना हटने के बाद हरियाणवी राइटर और सिंगर केपी कुंडू ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा कि यह एक साफ-सुथरा गाना था और सिर्फ ‘टाइटल’ देखकर ही इसे बैन कर दिया गया कलाकारों का कहना है कि सरकार और प्लेटफॉर्म को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किस आधार पर गानों को डिलीट किया जा रहा है। क्योंकि अगर रोमांटिक गानों में भी केवल गन शब्द आने पर बैन की कार्रवाई होगी, तो यह क्रिएटिविटी पर रोक जैसा होगा।