Inkhabar Haryana, Kangana Ranaut Emergency Collection: बॉलीवुड अभिनेत्री और निर्देशिका कंगना रनौत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘इमरजेंसी’ ने आखिरकार 17 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक दी। इंदिरा गांधी के नेतृत्व में 1975 में लगाए गए आपातकाल पर आधारित यह फिल्म कंगना के करियर का एक महत्वपूर्ण अध्याय मानी जा रही है। फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और यह उनकी पिछली कुछ फिल्मों की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
कंगना की ‘इमरजेंसी’ का शानदार प्रदर्शन
कंगना रनौत ने इस फिल्म को न केवल निर्देशित किया है बल्कि इसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार भी निभाया है। अनुपम खेर, श्रेयस तलपड़े और महिमा चौधरी जैसे कलाकारों के मजबूत प्रदर्शन ने फिल्म को और प्रभावशाली बना दिया है। ‘इमरजेंसी’ के क्लैश में राशा थडानी और अमन देवगन की डेब्यू फिल्म ‘आजाद’ भी रिलीज हुई, लेकिन कंगना की फिल्म दर्शकों का दिल जीतने में अधिक कामयाब रही है।
पहले तीन दिन का कलेक्शन
फिल्म ने पहले दिन 2.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग की। दूसरे दिन 44% की वृद्धि के साथ 3.6 करोड़ रुपये का कारोबार किया। अब तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने शुरुआती आंकड़ों के अनुसार 4.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस तरह ‘इमरजेंसी’ का पहले तीन दिनों का कुल कलेक्शन 10.45 करोड़ रुपये हो चुका है।
कंगना की पिछली फिल्मों से बेहतर प्रदर्शन
कंगना रनौत की पिछली फिल्मों जैसे ‘तेजस’ (4.14 करोड़), ‘धाकड़’ (2.58 करोड़) और ‘थलाइवी’ (1.46 करोड़) के मुकाबले ‘इमरजेंसी’ ने अपने शुरुआती वीकेंड में ही उनकी कुल लाइफटाइम कमाई को पीछे छोड़ दिया है। यह कंगना के करियर के लिए एक सकारात्मक संकेत है, खासकर ऐसे समय में जब उनकी पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थीं।
क्या मंडे टेस्ट में होगी पास?
हालांकि, सोमवार को फिल्म की परफॉर्मेंस पर सभी की निगाहें होंगी। वीकेंड के बाद की कमाई यह तय करेगी कि फिल्म लंबी रेस की खिलाड़ी है या नहीं। शुरुआती रुझानों और सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए, ‘इमरजेंसी’ से उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।