Inkhabar Haryana, Aarti Rao: हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही नई एम्बुलेंस की खरीदारी करेगा, जिससे आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
डॉक्टरों की भर्ती और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर फोकस
आरती राव ने लिंगानुपात में गिरावट पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अगर लिंगानुपात नीचे आता है तो यह बेहद गंभीर बात है। मैं इसे पूरी गंभीरता से ले रही हूँ। मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ सरकारी कर्मचारी इस प्रक्रिया में शामिल हैं। ऐसे मामलों में सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए जल्द कदम उठाने की बात कही। उन्होंने बताया कि 777 डॉक्टरों का रिज़ल्ट तैयार हो चुका है और जल्द ही उनकी नियुक्ति की जाएगी। मंत्री ने कहा कि CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) और सब-डिविजनल अस्पतालों में डॉक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि नागरिक अस्पतालों पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके।
दवाओं की आपूर्ति में सुधार
दवाओं की कमी पर चर्चा करते हुए आरती राव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही इस समस्या को हल करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे दवाओं की कमी की जानकारी एक से डेढ़ महीने पहले दें, ताकि समय पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।
जनमानस की मानसिकता बदलने की अपील
लिंगानुपात और स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों को लेकर मंत्री ने समाज की मानसिकता बदलने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए सभी को साथ आना होगा। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हमारा विभाग पूरी तरह से तैयार है।
आरती राव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार और विकास को लेकर आने वाले दिनों में अहम बैठकें आयोजित की जाएँगी। इससे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाया जा सकेगा।