Inkhabar Haryana, COVID-19 Cases increasing in Haryana: हरियाणा में एक बार फिर कोरोना वायरस ने धीरे-धीरे पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। हालांकि हालात अभी नियंत्रण में हैं, लेकिन लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता जरूर बढ़ा दी है। राज्य में पिछले कुछ दिनों में कोरोना के केसों में इजाफा देखने को मिला है, खासकर गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरी जिलों में संक्रमण की गति तेज होती दिखाई दे रही है।
संक्रमण के ताजा आंकड़े
हरियाणा सरकार द्वारा जारी नवीनतम हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटों में कुल 481 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से 29 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसी अवधि में 21 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज भी हुए। वर्तमान में राज्य में कुल 108 एक्टिव केस मौजूद हैं। अब तक प्रदेश में कुल 210 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 102 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की तैयारी
बढ़ते संक्रमण को देखते हुए हरियाणा का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। सभी जिला अस्पतालों और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कोरोना मरीजों के लिए बेड की संख्या बढ़ा दी गई है और ऑक्सीजन तथा अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है। साथ ही लोगों और संक्रमित मरीजों को कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश भी दिया गया है।
कौन-कौन से जिले हैं प्रभावित?
प्रदेश में गुरुग्राम और फरीदाबाद सबसे अधिक प्रभावित जिले बनकर उभरे हैं। अब तक गुरुग्राम में 85 और फरीदाबाद में 66 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में भी इक्का-दुक्का मामले सामने आए हैं जिसमें से करनाल में 20 केस, पंचकूला में 12 केस, झज्जर में 8 केस, हिसार में 4 केस, अंबाला, यमुनानगर, रेवाड़ी, पानीपत में 3-3 केस, सोनीपत, भिवानी, सिरसा में 1-1 केस आए हैं।