Inkhabar Haryana, Covid-19 JN.1: कोविड-19 एक ऐसा वायरस है जिसने पूरी दुनिया को बार-बार झकझोरा है। 2019 में चीन के वुहान शहर से शुरू हुई यह महामारी कई बार अपने नए रूपों के साथ लौटी और हर बार कुछ नया असर लेकर आई। जब दुनिया को लगा कि अब खतरा टल चुका है, तब वायरस ने एक बार फिर से अपना नया रूप JN.1 के तौर पर दस्तक दी है। हैरानी की बात यह है कि पिछली बारों की तरह यह वेरिएंट ठंडी में नहीं, बल्कि गर्मी के मौसम में लोगों को प्रभावित कर रहा है। आइए, इस लेख में समझते हैं कि JN.1 वेरिएंट क्या है, इसके लक्षण क्या हैं, किन लोगों को इससे ज्यादा खतरा है, और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है।
कोविड-19 का इतिहास
- 2019: चीन के वुहान शहर में इस अज्ञात वायरस की पहली बार पहचान हुई, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने Novel Coronavirus नाम दिया।
- 2020-2021: वायरस ने वैश्विक महामारी का रूप ले लिया, लाखों लोगों की जान गई।
- 2021: टीकाकरण की शुरुआत हुई, लेकिन डेल्टा वेरिएंट ने दूसरी लहर को और भयावह बना दिया।
- 2022-2023: ओमिक्रॉन और इसके सब-वेरिएंट्स ने संक्रमण के मामलों में तेजी तो लाई लेकिन लक्षण अपेक्षाकृत हल्के रहे।
- 2024: कोविड मामलों में गिरावट देखी गई, लेकिन अब 2025 में JN.1 वेरिएंट के रूप में वायरस फिर सक्रिय हो गया है।
भारत में वर्तमान स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार 19 मई 2025 तक भारत में कोविड-19 के 93 सक्रिय मामले सामने आए हैं। पहले जहां ठंडी में कोविड ज्यादा फैला करता था, अब JN.1 वेरिएंट गर्मी में भी लोगों को संक्रमित कर रहा है।
JN.1 वेरिएंट क्यों है ज्यादा संक्रामक?
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की एक रिपोर्ट के अनुसार, JN.1 वेरिएंट में कुछ अतिरिक्त म्यूटेशन (जीन में बदलाव) पाए गए हैं, जो इसे पहले के वेरिएंट्स से अधिक तेजी से फैलने में सक्षम बनाते हैं। इसकी ट्रांसमिशन कैपेसिटी ज्यादा है, यानी यह कम समय में ज्यादा लोगों को संक्रमित कर सकता है।
किसे है ज्यादा खतरा?
इस वेरिएंट से सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्ग, कम इम्यूनिटी वाले लोग, कैंसर, HIV, या अंग प्रतिरोपण करवा चुके मरीज, डायबिटीज़, दिल और फेफड़ों की बीमारियों से ग्रस्त लोग, इन लोगों को संक्रमण से गंभीर लक्षण हो सकते हैं और इन्हें विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
JN.1 वेरिएंट के प्रमुख लक्षण
- हल्का या तेज बुखार
- गले में खराश
- नाक बंद या नाक बहना
- लगातार सूखी खांसी
- थकान और कमजोरी
- सिर दर्द
- जी मिचलाना, पेट में हल्का दर्द
- स्वाद और गंध का बदल जाना
- मांसपेशियों में दर्द और खिंचाव
बचाव के उपाय
- मास्क पहनें, विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर (N95 मास्क बेहतर विकल्प है)।
- हाथ धोने की आदत बनाएं, सैनिटाइजर का उपयोग करें।
- सामाजिक दूरी का पालन करें।
- भीड़ या सामाजिक आयोजनों से बचें।
- अगर लक्षण नजर आएं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
- उपचार में COVID-19 प्रोटोकॉल के अनुसार एंटीवायरल दवाएं और सपोर्टिव केयर दी जाती हैं।