Inkhabar Haryana, Raksha Bandhan 2025 sweet recipe: रक्षाबंधन का यह ख़ास पर्व 9 अगस्त 2025 को पूरे देश में उत्साह और प्रेम के साथ मनाया जाएगा। यह दिन भाई-बहन के अटूट रिश्ते, प्यार, सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक होता है। बहनें राखी बांधकर भाइयों की लंबी उम्र की कामना करती हैं, और भाई बहनों को वचन देते हैं कि वे उन्हें हर हाल में सुरक्षित रखेंगे। इस शुभ दिन पर तोहफों का आदान-प्रदान होता है और स्वादिष्ट पकवानों और मिठाइयों से घर का माहौल और भी खास बन जाता है।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस रक्षाबंधन पर मिठाई बाजार से लाने के बजाय कुछ ऐसा बनाया जाए जो न सिर्फ स्वादिष्ट हो, बल्कि सेहतमंद भी हो और जिसमें आपके अपने हाथों का प्यार भी शामिल हो? अगर हां, तो इस बार अपने भाई को सरप्राइज दीजिए एक खास साबूदाना बर्फी के साथ, जो स्वाद, सेहत और स्नेह तीनों का संगम है। चलिए जानते हैं, कैसे घर पर आसानी से बन सकती है ये खास मिठाई जो आपके रक्षाबंधन को और भी यादगार बना देगी।
साबूदाना बर्फी बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
बता दें कि साबूदाना बर्फी बनाने के लिए आपको 1 कटोरी साबूदाना, 2 छोटी चम्मच पिसी हुई चीनी, 2 बड़ी चम्मच दूध (आप चाहें तो नारियल या बादाम का दूध भी इस्तेमाल कर सकते हैं), 1 छोटा चम्मच घी, 1 छोटा चम्मच सूखा नारियल, ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 1 बड़ा चम्मच कटे हुए काजू और बादाम, सजावट के लिए कटे हुए पिस्ते चाहिए होगे।
बनाने की विधि
स्टेप 1:सबसे पहले साबूदाना को एक सूखी कड़ाही में धीमी आंच पर ड्राई रोस्ट करें। इसे लगातार चलाते रहें जब तक यह हल्का सुनहरा और फूला हुआ न हो जाए। फिर गैस बंद करके इसे पूरी तरह ठंडा होने दें।
स्टेप 2: ठंडा हो जाने के बाद साबूदाने को मिक्सर में डालकर बारीक पाउडर बना लें।
स्टेप 3: अब एक बड़ा बाउल लें और उसमें पिसा हुआ साबूदाना, पिसी चीनी, सूखा नारियल और इलायची पाउडर डालें। इन सबको अच्छी तरह मिलाएं। फिर धीरे-धीरे दूध डालते हुए इसका गाढ़ा और स्मूद पेस्ट तैयार करें।
स्टेप 4: एक थाली या ट्रे लें और उस पर घी की हल्की परत लगा दें। फिर तैयार पेस्ट को उसमें डालकर समान रूप से फैलाएं और चम्मच या स्पैचुला से उसे फ्लैट करें।
स्टेप 5: अब इसे 10 से 15 मिनट के लिए जमने दें। जब यह सेट हो जाए, तो चाकू से चौकोर या डायमंड शेप में काट लें। ऊपर से कटे हुए पिस्ते और सूखे मेवे छिड़कें।
इस मिठाई में छिपा है आपका प्यार और आपकी परवाह
साबूदाना बर्फी न सिर्फ हल्की और हेल्दी मिठाई है, बल्कि यह व्रत-उपवास के दौरान भी खाई जा सकती है। इसमें मौजूद साबूदाना ऊर्जा से भरपूर होता है और सूखे मेवे इसे और पौष्टिक बना देते हैं। तो इस रक्षाबंधन, प्यार की इस मीठी सौगात से अपने भाई को खुश करें। यकीन मानिए, बाजार की मिठाई भले दिखने में बेहतर लगे, लेकिन आपके हाथों से बनी साबूदाना बर्फी के आगे वो फीकी ही लगेगी।