Inkhabar Haryana, Seasonal Affective Disorder: सर्दियां अपने साथ ठंडी हवाएं और आरामदायक माहौल लेकर आती हैं, लेकिन इस मौसम में कुछ लोग मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करते हैं। इनमें से एक है सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर (Seasonal Affective Disorder – SAD), जो एक प्रकार का डिप्रेशन है। यह समस्या आमतौर पर ठंड के मौसम में सूरज की रोशनी की कमी और दिन के छोटे होने के कारण होती है।
इस दौरान व्यक्ति शारीरिक और मानसिक स्तर पर कई तरह के बदलाव महसूस करता है, जैसे लगातार थकान, उदासी और किसी भी काम में मन न लगना। सही समय पर इस स्थिति को समझना और इसका समाधान करना मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर के लक्षण
सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर के लक्षण सर्दियों के महीनों में ज्यादा दिखाई देते हैं। इनमें शामिल हैं:
- थकान और उदासी: व्यक्ति खुद को लगातार थका हुआ और उदास महसूस करता है।
- नींद की समस्या: नींद ज्यादा आना या कम नींद आना।
- भूख बढ़ना: खासतौर पर कार्बोहाइड्रेट युक्त भोजन की लालसा।
- ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई: किसी भी काम पर फोकस करने में परेशानी।
- अकेलापन और सामाजिक दूरी: दूसरों से मिलना-जुलना बंद कर देना।
- तनाव और चिड़चिड़ापन: छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना।
कंट्रोल करने के उपाय
- सामाजिक जुड़ाव बनाए रखें- ऐसे लोगों के साथ समय बिताएं जो आपकी भावनाओं को समझते हैं और जिनसे आपको खुशी मिलती है। खुद को अकेला महसूस करने से बचें। अकेलापन उदासी को और बढ़ा सकता है।
- हेल्दी डाइट अपनाएं- सर्दियों में लोग अक्सर ज्यादा खाने लगते हैं, खासकर जंक फूड। लेकिन यह आदत शरीर और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकती है। संतुलित आहार लें और फलों, सब्जियों और प्रोटीन वाली चीजों को अपनी डाइट में शामिल करें।
- शारीरिक गतिविधियां करें- व्यायाम और नियमित वॉक से मूड बेहतर होता है। सुबह की ताजी हवा में टहलने जाएं और कोशिश करें कि आप रोजाना कम से कम 30 मिनट किसी भी फिजिकल एक्टिविटी में व्यस्त रहें।
- अपनी हॉबी पर ध्यान दें- अपनी पसंदीदा हॉबी जैसे पेंटिंग, डांसिंग, या म्यूजिक का सहारा लें। नई किताब पढ़ें या कोई नया क्राफ्ट प्रोजेक्ट शुरू करें। यह आपका ध्यान नकारात्मक विचारों से हटाएगा।
- नियमित शेड्यूल बनाएं- समय पर सोना और जागना आपकी मानसिक स्थिति को संतुलित रखता है। एक तय दिनचर्या से तनाव कम होता है और कामकाज भी आसान लगता है।
- कैफीन और पानी का संतुलन रखें- ज्यादा कैफीन से बचें क्योंकि यह आपकी नींद और मूड पर असर डाल सकती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं ताकि आपका शरीर हाइड्रेटेड रहे।
- विटामिन डी का सेवन करें- सर्दियों में सूरज की रोशनी कम मिलती है, जिससे विटामिन डी की कमी हो सकती है। यह कमी डिप्रेशन के लक्षणों को बढ़ा सकती है। रोज सुबह धूप में बैठें और विटामिन डी युक्त खाद्य पदार्थ जैसे दूध, मछली, और अंडे का सेवन करें।
Cinnamon Tea: सर्दी के मौसम में इस चाय के गजब के है फायदे! पाचन और वजन नियंत्रण के लिए एक बेहतरीन उपाय