Inkhabar Haryana, Agniveer Air Force Recruitment 2025: देश की सुरक्षा में अपना योगदान देने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह सुनहरा मौका है। भारतीय वायुसेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इस भर्ती के लिए 27 जनवरी 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया और पात्रता से जुड़ी सभी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट agnipathvayu.cdac.in/AV पर उपलब्ध है।
आवेदन की महत्वपूर्ण जानकारी
बता दें कि, उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि इस भर्ती के लिए केवल अविवाहित युवा पात्र होंगे। आवेदक की आयु 1 जनवरी 2005 से 1 जुलाई 2008 के बीच होनी चाहिए। भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता भी निर्धारित की गई है:
- साइंस स्ट्रीम: आवेदक को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैथिमेटिक्स, फिजिक्स और इंग्लिश विषय में न्यूनतम 50% अंकों के साथ 12वीं पास होना चाहिए।
- अन्य संकाय: दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स या तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
- अभ्यर्थी विस्तृत शैक्षणिक योग्यता और अन्य विवरणों के लिए पोर्टल पर उपलब्ध नोटिफिकेशन को अवश्य पढ़ें।
आवेदन प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए निम्नलिखित चरणों का पालन करें:
- पंजीकरण: आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी मेल आईडी और अन्य विवरणों का उपयोग करके ऑनलाइन पंजीकरण करें।
- लॉगिन: पंजीकरण के बाद लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग कर साइन इन करें।
- फॉर्म भरें: व्यक्तिगत, शैक्षिक और अन्य विवरण फॉर्म में सही-सही भरें।
- दस्तावेज अपलोड करें: आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर को फॉर्म में अपलोड करें।
- परीक्षा केंद्र का चयन करें: अपनी सुविधा अनुसार परीक्षा के लिए शहर का चयन करें।
- शुल्क भुगतान करें: आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- डाउनलोड करें: भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र को डाउनलोड करें।
अग्निपथ स्कीम का उद्देश्य
अग्निपथ योजना देश के युवाओं को देशभक्ति से प्रेरित होकर सशस्त्र बलों में सेवा का अवसर प्रदान करती है। यह योजना न केवल युवाओं को उनके करियर में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का मौका देती है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा भी देती है।