Inkhabar Haryana, CET 2025: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) 2025 रजिस्ट्रेशन को लेकर उठ रही तमाम अफवाहों पर विराम लगाते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से विस्तृत आंकड़े जारी किए हैं। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में न केवल आवेदन की प्रगति पर रोशनी डाली, बल्कि उन अफवाहों के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया जो सोशल मीडिया पर आयोग की छवि को नुकसान पहुंचा रही थीं।
CET रजिस्ट्रेशन को लेकर रिकॉर्ड तोड़ प्रतिक्रिया
अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि आयोग को केवल दो दिनों में लाखों आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि न केवल पोर्टल पूरी तरह सक्रिय है, बल्कि अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह भी बना हुआ है। 10 जून 2025- कुल 1,08,013 आवेदन दर्ज हुए, 11 जून 2025- इस दिन आवेदन और भी तेजी से आए – 1,62,472, 12 जून की रात (12:00 से 12:01 AM): सिर्फ 1 मिनट में 78 आवेदन जमा हुए।
हिम्मत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि पोर्टल पर ओटीपी (OTP) सिस्टम को भी अत्यधिक सुरक्षित बनाया गया है। उन्होंने बताया कि एक आवेदक द्वारा एक ही समय में तीन बार ओटीपी रिक्वेस्ट करने पर, सुरक्षा नियमों के तहत उसे एक घंटे के लिए ब्लॉक कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर फर्जी पेजों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
आयोग के नाम से सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ भी अब बड़ी कार्रवाई की गई है। हिम्मत सिंह ने अपनी पोस्ट में जानकारी दी कि HSSC ने 50 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया पेज चिन्हित किए हैं जो आयोग के नाम से भ्रामक सूचनाएं फैला रहे थे। इन सभी पेजों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि आयोग का किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं है, ऐसे में किसी भी जानकारी के लिए सिर्फ आयोग की वेबसाइट पर ही भरोसा करें।