क्रिमिनल लॉ को लेकर हरियाणा तैयार
सीएम नायब सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित तीन क्रिमिनल लॉ जिनमें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय दंड संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम को हरियाणा सरकार पूरी तरह अपनाने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि इस विषय को राज्य के गृहमंत्री से साझा कर लिया गया है और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।
केषु बांध और विकास कार्यों पर केंद्र को जानकारी
नायब सैनी ने जानकारी दी कि केषु बांध को लेकर भी चर्चा की गई है और केंद्र सरकार को हरियाणा में चल रहे विकास कार्यों से अवगत करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा में विभिन्न योजनाएं तेजी से क्रियान्वित हो रही हैं, जिनमें जल प्रबंधन, सड़क निर्माण और डिजिटल प्रशासनिक सेवाएं प्रमुख हैं।
CET परीक्षा की पूरी तैयारी
CET परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए राज्य प्रशासन पूरी तरह तैयार है। लाखों छात्र इस परीक्षा में हिस्सा लेने वाले हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रांसपोर्ट, सेंटर और लॉजिस्टिक्स के सभी बंदोबस्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही हरियाणा पुलिस में नई भर्तियों का विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
संसद में हंगामे पर विपक्ष को घेरा
संसद के मानसून सत्र में चल रहे हंगामे पर बोलते हुए नायब सैनी ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने बीते 11 सालों में देश की दिशा और दशा दोनों को बदला है। भारत को 11वें से चौथे स्थान की अर्थव्यवस्था बनाना विपक्ष को हजम नहीं हो रहा। इसलिए जब विपक्ष संसद में आता है तो उनके पेट में दर्द होने लगता है।
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष यह नहीं बता पा रहा कि उन्होंने अपने 55 सालों के कार्यकाल में देश के लिए क्या किया। सैनी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और लाखों गरीबों को पक्के मकान दिए गए हैं।
हर पंचायत में मोदी जी ने बनाए 700-900 मकान- सीएम
मुख्यमंत्री ने बिहार के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जाकर उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि एक-एक पंचायत में 700 से 900 मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए हैं। उन्होंने इसे गरीबों के लिए एक बड़ा वरदान बताया।
INDIA गठबंधन और केजरीवाल पर तीखा हमला
सीएम नायब सैनी ने विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब इस गठबंधन पर विश्वास नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अपने अंत की ओर है और केजरीवाल ने दिल्ली को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। उन्होंने पंजाब में भाजपा के लिए अच्छे संकेत मिलने की बात कही और कहा कि पंजाब में कमल जरूर खिलेगा।