Inkhabar Haryana, Job fair in Jhajjar: हरियाणा के झज्जर जिले में युवाओं के लिए आज एक सुनहरा अवसर दरवाजे पर दस्तक दे रहा है। जिले के गुढ़ा गांव स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में मंगलवार को अप्रेंटिसशिप और रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला खास तौर पर उन आईटीआई पास छात्र-छात्राओं के लिए है, जो उद्योग जगत में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं। मेले में नामी कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचकर साक्षात्कार लेंगे और चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ऑफर लेटर सौंपेंगे।
नामी कंपनियां होंगी शामिल
रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं, जो प्रशिक्षित युवाओं को अपने संस्थान में अपरेंटिस के रूप में अवसर प्रदान करेंगी। इस अवसर पर आईटीआई प्रधानाचार्य जीतपाल ने बताया कि यह मेला न केवल रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए है, बल्कि उन छात्रों के लिए भी सुनहरा मौका है जिन्होंने हाल ही में अपना आईटीआई का फाइनल पेपर दिया है।
इस मेले में उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, उसके बाद सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा। जो छात्र-छात्राएं दोनों चरणों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उनका चयन कंपनियां अपरेंटिस के लिए करेंगी।
आवश्यक दस्तावेज और तैयारी
मेले में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को अपना रिज्यूमे, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र (मैट्रिक और आईटीआई पास सर्टिफिकेट) की मूल और छायाप्रति, तथा पांच पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि जिन छात्रों ने अपना आईटीआई फाइनल पेपर दिया है, वे भी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। वे किसी भी नजदीकी आईटीआई में जाकर www.apprenticeshipindia.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
यह रोजगार मेला उन युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है, जो औद्योगिक प्रशिक्षण के बाद सीधे रोजगार की दुनिया में कदम रखना चाहते हैं। अप्रेंटिसशिप न केवल उन्हें उद्योगों के वास्तविक माहौल से परिचित कराएगी, बल्कि भविष्य में स्थायी नौकरी पाने की संभावना भी बढ़ाएगी।