Inkhabar Haryana, Manoharlal Statement on Employement: करनाल के कर्ण स्टेडियम में आज सांसद खेल प्रतियोगिता का रंगारंग समापन हुआ। यह प्रतियोगिता विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित की गई थी। हालांकि इसका समापन पहले होना था, लेकिन युद्ध के कारण कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था। अब जब समापन हुआ, तो स्वयं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने आयोजन में शिरकत की, खिलाड़ियों से मुलाकात की और फाइनल मुकाबले का आनंद भी लिया। इस दौरान उन्होंने कोर्ट में गए नौकरी के मामले को लेकर भी खुल कर बात की है।
खो-खो और कबड्डी में दिखा दमखम
इस प्रतियोगिता में दो प्रमुख देसी खेलों खो-खो और कबड्डी का आयोजन किया गया, जिसमें पुरुषों और महिलाओं की टीमें बड़ी संख्या में भाग लेती नजर आईं। पानीपत और करनाल जिलों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। महिला कबड्डी के मुकाबले विशेष रूप से चर्चा का विषय बने। फाइनल मुकाबले में करनाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, दूसरे और तीसरे स्थान के लिए स्थिति कुछ ऐसी बनी कि दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
ऐसे में आयोजकों ने टॉस के जरिए निर्णय लिया, जिसमें विजेता टीम को दूसरा और हारने वाली टीम को तीसरा स्थान मिला। खिलाड़ियों को उनकी मेहनत और प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय को 31 हजार रुपये और तृतीय को 21 हजार रुपये की इनामी राशि दी गई। खिलाड़ियों में इस सम्मान को लेकर उत्साह और गर्व का भाव देखने को मिला।
नौकरी विवाद पर मनोहर लाल का बयान
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से एक अहम सवाल भी किया गया। सवाल था कि उनके कार्यकाल में शुरू की गई आर्थिक व सामाजिक आधार पर नौकरी देने की योजना अब न्यायिक चुनौती के घेरे में है और इससे नौकरियों पर संकट मंडरा रहा है। इस पर उन्होंने साफ किया कि किसी की नौकरी पर कोई तलवार नहीं है। हमने यह योजना उन बच्चों के लिए बनाई थी जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और सामाजिक रूप से पिछड़े हैं। अमीर बच्चों को जहां अवसर आसानी से मिलते हैं, वहीं गरीब बच्चों को संघर्ष करना पड़ता है। हमने एक सामाजिक जिम्मेदारी के तहत यह कदम उठाया। कोर्ट जो भी फैसला करेगा, हम उसका सम्मान करेंगे, लेकिन किसी की नौकरी नहीं जाएगी।