Inkhabar Haryana, vacancy in Women and Child Department: चंडीगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग (WCD) के अंतर्गत लंबे समय से खाली पड़े सैकड़ों पदों पर अब जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विभागीय प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद अब प्रदेश में महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी।
582 से अधिक पदों पर होंगी नियुक्तियां
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वुमन एंड चाइल्ड डिपार्टमेंट में कुल 582 से अधिक पदों पर विभिन्न श्रेणियों में भर्ती की जाएगी। इनमें प्रशासनिक से लेकर तकनीकी और सहायता स्टाफ के पद शामिल हैं, जिनमें विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के लिए स्टाफ की आवश्यकता है। ‘डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमन (DHEW)’ योजना के तहत 104 से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। यह योजना केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण को ज़मीनी स्तर तक पहुंचाना है।
वन स्टॉप सेंटर में होंगी बहु-स्तरीय भर्तियां
प्रदेश के वन स्टॉप सेंटरों में भी रिक्त पदों को भरने के लिए तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इन केंद्रों में काउंसलर, लीगल एडवाइज़र, ऑफिस असिस्टेंट, सिक्योरिटी गार्ड सहित कई अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी। इन केंद्रों का उद्देश्य संकट में फंसी महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी ज़रूरी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
चाइल्ड हेल्पलाइन में 300 से अधिक पदों पर होगी नियुक्ति
बाल सुरक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली ‘चाइल्ड हेल्पलाइन’ में भी 300 से अधिक नए स्टाफ की भर्ती की जाएगी। इनमें कॉल अटेंडर, फील्ड स्टाफ और प्रशासनिक कर्मियों की नियुक्ति प्रमुख रूप से शामिल होगी।
महिला हेल्पलाइन में भी होंगी नियुक्तियां
महिला हेल्पलाइन से जुड़ी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कॉल अटेंडर्स सहित अन्य पदों को जल्द ही भरा जाएगा। यह सेवाएं महिलाओं को संकट की घड़ी में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए बेहद अहम मानी जाती हैं। सीएम नायब सैनी द्वारा भर्ती को लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें। अनुमान है कि आने वाले कुछ हफ्तों में विभागीय अधिसूचनाएं जारी कर दी जाएंगी और भर्ती प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।