हुड्डा पर लगे “वोट चोरी” के आरोप
अभय चौटाला ने आरोप लगाते हुए कहा कि उचाना विधानसभा सीट पर हुड्डा ने आजाद प्रत्याशियों को खड़ा करके करीब 60 हजार वोटों की चोरी करवाई और इस तरीके से कांग्रेस प्रत्याशी को हराने का काम किया। उन्होंने भाजपा पर भी हमला बोला और कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह “अनजान और तानाशाह” लोगों के हाथों में है, जिन्हें प्रदेश चलाने का कोई अनुभव नहीं है।
टोहाना में कार्यकर्ता सम्मेलन और निमंत्रण
इससे पहले अभय सिंह चौटाला टोहाना में इनेलो कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को 25 सितंबर को रोहतक में आयोजित होने वाले ताऊ देवीलाल जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, प्रदेश सचिव बलविंदर सिंह, जिलाध्यक्ष बिक्र सिंह भी मौजूद रहे। टोहाना पहुंचने पर स्थानीय इनेलो नेताओं कुणाल कर्ण सिंह और हरि सिंह महरिया ने सभी का स्वागत किया।
किसानों के मुआवजे पर सरकार से सवाल
अभय चौटाला ने भारी बारिश के चलते खराब हुई फसलों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इनेलो विधायकों ने विधानसभा में इस पर कॉलिंग अटेंशन नोटिस दिया था और किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग रखी थी। लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कानून व्यवस्था पर चिंता
इनेलो प्रमुख ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि “अनजान और तानाशाह” लोगों के हाथ में सरकार आ जाने के कारण प्रदेश का हाल बुरा हो गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार चलाने की समझ न होने से हरियाणा का भट्टा बैठ चुका है।
“हम वोट काटू नहीं, रानद काटू”-चौटाला
अंत में अभय चौटाला ने उन आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें इनेलो को वोट काटू पार्टी कहा गया। इस पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हम वोट काटू नहीं, बल्कि रानद काटू लोग हैं, जो भाजपा और कांग्रेस दोनों की राद काट देंगे।