




Inkhabar Haryana, Abhay Chautala on Opposition: हरियाणा की सियासत में इन दिनों बयानबाज़ी का दौर जारी है। इसी कड़ी में इनेलो नेता और विधायक अभय सिंह चौटाला फतेहाबाद की जाट धर्मशाला पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी 23 सितंबर को होने वाले ताऊ देवीलाल जयंती समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अभय चौटाला ने मीडिया से बातचीत की और इस दौरान उन्होंने सरकार और विपक्ष दोनों पर तीखे हमले बोले।
अभय चौटाला ने कहा कि मौजूदा विधानसभा सत्र में विपक्ष पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर इनेलो के 37 विधायक होते तो हम दिखाते कि असली विपक्ष क्या होता है। चौटाला का इशारा साफ था कि मौजूदा विपक्ष जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा है और सरकार को घेरने में असफल रहा है।
इनेलो नेता ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हुड्डा बीजेपी की मदद करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं और हमेशा विपक्षी वोटों को काटकर सत्ताधारी पार्टी का रास्ता आसान किया है। चौटाला ने यहां तक कहा कि मुझे हरवाने में भी बीजेपी और कांग्रेस एक हो गए थे, क्योंकि सबको पता था कि अगर मैं जीत गया तो विधानसभा में किसी को बोलने नहीं दूंगा।
आयुष्मान भारत योजना को लेकर अभय सिंह चौटाला ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की रुकी हुई पेमेंट्स को लेकर सवाल उठाना जायज़ है, लेकिन इसके पीछे एक और सच्चाई है। कई डॉक्टर इस योजना का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और सरकारी पैसों का दुरुपयोग हो रहा है। चौटाला ने कहा कि इस मामले में सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए ताकि जनता का हक किसी भी तरह से छीना न जा सके।




