Advertisement
Advertisement
होम / Abhay Singh Chautala: “हरियाणा प्रदेश में बीजेपी का राज नहीं बल्कि गुंडाराज चल रहा है”-  अभय सिंह चौटाला

Abhay Singh Chautala: “हरियाणा प्रदेश में बीजेपी का राज नहीं बल्कि गुंडाराज चल रहा है”-  अभय सिंह चौटाला

BY: • LAST UPDATED : January 25, 2025
Inkhabar Haryana, Abhay Singh Chautala: हरियाणा में हालिया घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नारायणगढ़ हलके में इनेलो-बसपा गठबंधन के उम्मीदवार रहे हरबिलास रज्जूमाजरा की सरेआम हत्या के बाद प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। इस घटना ने विपक्षी दलों को सरकार पर निशाना साधने का मौका दिया है।

चौटाला ने बीजेपी पर तीखा हमला किया

इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने इस मामले को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में “बीजेपी का राज नहीं बल्कि गुंडाराज” चल रहा है। चौटाला ने दावा किया कि राज्य में अपराधियों और हत्यारों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिससे वे बेखौफ होकर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।

अपराध और राजनीतिक संरक्षण का आरोप

अभय चौटाला ने हरबिलास की हत्या को राज्य में बढ़ती अराजकता का उदाहरण बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं होना यह साबित करता है कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने आगे कहा कि इससे पहले इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी की भी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी, लेकिन उनके हत्यारे आज भी आज़ाद घूम रहे हैं।

Advertisement

चौटाला ने आरोप लगाया कि नफे सिंह राठी के परिवार ने एफआईआर में जिन लोगों के नाम लिखवाए थे, उनका बीजेपी से सीधा संबंध है। यही कारण है कि आज तक असली दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया।

जनता में भय और असुरक्षा का माहौल

चौटाला ने कहा कि हरियाणा की जनता इस समय भयभीत और आतंकित है। हर रोज हो रही हत्याओं, लूट और डकैती की घटनाओं ने जनता को असुरक्षित कर दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार सत्ता के नशे में मस्त है और उसे जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

चौटाला ने सरकार से मांग की कि हरबिलास रज्जूमाजरा के हत्यारों और अन्य दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करे।

सत्ता में बदलाव की अपील

अभय चौटाला ने कहा कि अगर मौजूदा सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में विफल रहती है, तो जनता को सत्ता परिवर्तन के लिए आगे आना होगा। उन्होंने इनेलो को एकमात्र ऐसा दल बताया जो प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू कर सकता है।