Advertisement
Advertisement
होम / Abhay Singh Chautala: “जैसे दिल्ली में कांग्रेस ने सिर्फ वोट काटने का काम किया है वैसे ही आने वाले समय में पूरे देश में कांग्रेस सिर्फ वोट कटुआ पार्टी बनके रह जाएगी”- अभय चौटाला

Abhay Singh Chautala: “जैसे दिल्ली में कांग्रेस ने सिर्फ वोट काटने का काम किया है वैसे ही आने वाले समय में पूरे देश में कांग्रेस सिर्फ वोट कटुआ पार्टी बनके रह जाएगी”- अभय चौटाला

BY: • LAST UPDATED : February 11, 2025
Inkhabar Haryana, Abhay Singh Chautala: इंडियन नेशनल लोकदल ने हरियाणा में आगामी निकाय चुनावों को लेकर अपनी रणनीति तय करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। यह बैठक इनेलो मुख्यालय में हुई, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला ने की। बैठक में प्रदेशभर से आए जिला एवं शहरी इकाइयों के प्रमुखों ने भाग लिया। इस दौरान चुनावी रणनीति, संगठन को पुनर्गठित करने और पार्टी को मजबूत करने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की रणनीति

बैठक में तय किया गया कि अगले दो दिनों के भीतर नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद चुनावों के इच्छुक उम्मीदवारों से बातचीत की जाएगी और उनकी रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को सौंपी जाएगी। अभय चौटाला ने कहा कि जहां पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ना जरूरी होगा, वहां इनेलो अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, ऐसे स्थानों पर जहां कोई अन्य उम्मीदवार पार्टी की विचारधारा का समर्थन करता हो और टिकट चाहता हो, उसे इनेलो समर्थित उम्मीदवार के रूप में खड़ा किया जाएगा।

इसके अलावा, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे उन पुराने कार्यकर्ताओं और नेताओं से संपर्क करें, जो कभी स्वर्गीय चौधरी देवी लाल और स्वर्गीय चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में सक्रिय थे, लेकिन अब किन्हीं कारणों से राजनीति से दूर हो गए हैं। इन कार्यकर्ताओं को दोबारा पार्टी से जोड़कर इनेलो को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

कांग्रेस पर अभय चौटाला का हमला

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोहरी नीति अपना रही है। जब हिमाचल प्रदेश और हरियाणा की लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, तब उसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई। लेकिन जब हरियाणा में पार्टी की हार हुई और अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आए, तो कांग्रेस ने ईवीएम पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

Advertisement

अभय चौटाला ने दावा किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब यह सच्चाई जनता के सामने आ गई, तो अब वे अपने गुनाह छुपाने के लिए चुनाव आयोग के पास जाकर दिखावा कर रहे हैं।

“कांग्रेस सिर्फ वोट कटुआ पार्टी बनकर रह जाएगी”

दिल्ली विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस ने केवल वोट काटने का काम किया। अगर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने गठबंधन किया होता, तो बीजेपी को हराया जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर ऐसा कर रही है, ताकि विपक्षी वोटों में बंटवारा हो और बीजेपी को फायदा मिले। उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह दिल्ली में कांग्रेस सिर्फ वोट काटने का काम कर रही है, आने वाले समय में यह पूरे देश में केवल ‘वोट कटुआ’ पार्टी बनकर रह जाएगी।