Inkhabar Haryana, Abhay Singh Chautala: इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने हाल ही में एमएसपी को लेकर एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह किसानों के हक में एक कानून बनाए, ताकि किसानों को आंदोलन करने पर मजबूर न होना पड़े। इस बयान में उन्होंने किसानों के संघर्ष को स्वीकार करते हुए सरकार से उनके अधिकारों की रक्षा करने की अपील की।
सरकार एमएसपी पर कानून बनाए
अभय चौटाला ने कहा कि किसान पहले ही बहुत संघर्ष कर चुके हैं। अब समय आ गया है कि सरकार एमएसपी पर कानून बनाए, ताकि किसान अपने उत्पादों को सही कीमत पर बेच सकें और उन्हें आंदोलन की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि इनेलो पार्टी हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनका समर्थन करती रहेगी।
इस दौरान, अभय चौटाला ने खनोरी बॉर्डर पर जाकर किसानों की स्थिति का जायजा लेने का भी निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि हम खनोरी बॉर्डर पर स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे और वहां मौजूद किसानों से बातचीत करेंगे। पार्टी जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे बखूबी निभाएगी।
रामचंद्र जांगड़ा पर साधा निशाना
अभय चौटाला ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के किसानों के समर्थन में दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि धनखड़ जी को किसानों की पीड़ा का सही ज्ञान है और उनके बयान का समर्थन किया।
इनेलो नेता ने राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामचंद्र जांगड़ा की सोच घटिया है और अगर उनसे मिलते हैं तो उनसे कुछ सवाल जरूर पूछूंगा। अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो पार्टी हमेशा से चौधरी देवीलाल की विचारधारा को आगे बढ़ा रही है, जिन्होंने राजनीति से ऊपर उठकर किसानों के लिए काम किया।