Advertisement
Advertisement
होम / Abhay Singh Chautala: “बीजेपी सरकार के आंकड़े खुद प्रदेश की बदहाली की गवाही दे रहे हैं”- अभय सिंह चौटाला

Abhay Singh Chautala: “बीजेपी सरकार के आंकड़े खुद प्रदेश की बदहाली की गवाही दे रहे हैं”- अभय सिंह चौटाला

BY: • LAST UPDATED : January 9, 2025

Inkhabar Haryana, Abhay Singh Chautala: इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। सरकारी आंकड़ों के आधार पर उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भुखमरी, गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर हैं। अभय चौटाला ने बीजेपी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि BPL (गरीबी रेखा से नीचे) लाभार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि प्रदेश की बदतर स्थिति को उजागर करती है।

गरीबी और टैक्स का दोहरा संकट

अभय चौटाला ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि हरियाणा की कुल जनसंख्या 2 करोड़ 80 लाख है, जिसमें से 2 करोड़ 11 लाख लोग बीपीएल लाभार्थी हैं। यह आंकड़ा प्रदेश की कुल आबादी का लगभग 75% है। खासकर, पिछले तीन सालों में लगभग 1 करोड़ लोग बीपीएल श्रेणी में आए हैं। दिसंबर महीने में ही 4.25 लाख नए बीपीएल लाभार्थी जुड़े हैं।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जहां एक तरफ बीपीएल लाभार्थियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी सरकार ने आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी पर 20% कलेक्टर रेट बढ़ाने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ा है। इसके चलते प्रॉपर्टी खरीदने पर स्टांप ड्यूटी भी बढ़ गई है। इसके अलावा, नगर पालिका की सीमा के अंदर मकानों पर ईडीसी (एक्सटर्नल डेवलपमेंट चार्ज) में 20% की बढ़ोतरी की गई है, जिससे हजारों रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं।

हरियाणा की आर्थिक स्थिति पर सवाल

चौटाला ने चेतावनी दी कि अगर यही हालात रहे तो प्रदेश जल्द ही आर्थिक रूप से दिवालिया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सिर्फ एक प्रशासनिक असफलता नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता के साथ किया जा रहा अन्याय भी है।

श्वेत पत्र जारी करने की मांग

इनेलो नेता ने मांग की कि बीजेपी सरकार बीपीएल लाभार्थियों की वास्तविक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि श्वेत पत्र से यह स्पष्ट हो जाएगा कि प्रदेश की जनता किन परिस्थितियों में जी रही है और सरकार के विकास के दावे कितने खोखले हैं।