Advertisement
Advertisement
होम / Ajay Chautala on Family Unity: परिवार की एकजुटता पर अजय चौटाला ने दिया चौकाने वाला बयान, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भी उठाए गंभीर सवाल

Ajay Chautala on Family Unity: परिवार की एकजुटता पर अजय चौटाला ने दिया चौकाने वाला बयान, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर भी उठाए गंभीर सवाल

BY: • LAST UPDATED : July 23, 2025

Inkhabar Haryana, Ajay Chautala on Family Unity: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने सिरसा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपने विचार रखे। उन्होंने जहां एक ओर चौटाला परिवार के एक होने की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया, वहीं दूसरी ओर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे को एक “राजनीतिक खेल” बताया। इसके अलावा, रॉबर्ट वाड्रा पर ईडी की कार्रवाई को “नौटंकी” करार देते हुए उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा।

Ranjit Chautala on Jagdeep Dhankhar resignation: “चौधरी देवीलाल उन्हें राजनीति में लाए…”, जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे पर रणजीत सिंह चौटाला ने उठाया ये अहम सवाल

‘चौटाला परिवार का एकजुट होना अब संभव नहीं’

चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के निधन के बाद से यह सवाल लगातार उठता रहा है कि क्या चौटाला परिवार एक बार फिर से एकजुट होगा? इस पर अजय सिंह चौटाला ने बेहद साफ शब्दों में कहा कि अब इस अध्याय को हमेशा के लिए बंद समझा जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि अब मीडिया भी इस सवाल को बार-बार न पूछे। परिवार के एक होने की संभावना अब नहीं बची है।

Advertisement

धनखड़ के इस्तीफे को बताया ‘राजनीतिक दबाव का नतीजा’

देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे पर अजय सिंह चौटाला ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धनखड़ उनके पारिवारिक मित्र हैं और पहली बार सांसद भी उन्हीं की पार्टी की टिकट पर चुने गए थे। उन्होंने याद दिलाया कि राजस्थान विधानसभा में भी वह पांच साल तक धनखड़ के साथ रहे थे।

अजय चौटाला ने कहा कि स्वास्थ्य कारणों का हवाला तो दिया गया है, लेकिन मुझे ऐसा कोई बड़ा कारण नजर नहीं आता। हाल ही में भी उन्होंने राज्यसभा का संचालन किया था  उन्होंने संदेह जताया कि यह इस्तीफा पूरी तरह राजनीतिक दबाव का परिणाम है और इसके पीछे बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़ी रणनीति भी हो सकती है। धनखड़ को जस्टिस वर्मा के मामले में न्यायपालिका के खिलाफ खुलकर बोलना महंगा पड़ गया। वही मुद्दा राज्यसभा में सबसे पहले उन्होंने उठाया था। सरकार ने दबाव बनाकर उनसे इस्तीफा लिया है।

राबर्ट वाड्रा पर ईडी कार्रवाई को बताया ‘नाटक’

पत्रकारों द्वारा रॉबर्ट वाड्रा पर की गई ईडी की कार्रवाई को लेकर सवाल पूछे जाने पर अजय चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस तरह की कार्रवाइयों का नाटक करती है। अगर सरकार को सच में कार्रवाई करनी होती तो पिछले 10 सालों में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ क्या किया गया? जबकि हमने सरकार को उनके खिलाफ चार्जशीट सौंपी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस ने भी अपने राज में ऐसे ही मामलों में खानापूर्ति की थी। लेकिन उन्होंने जोड़ा, “बीजेपी वाले तो अब कांग्रेस के भी बाप बन चुके हैं।

जेजेपी के संगठन निर्माण की तैयारियां लगभग पूरी

पार्टी संगठन को लेकर अजय चौटाला ने बताया कि जेजेपी का मेंबरशिप अभियान लगभग 90 फीसदी तक पूरा हो चुका है और लक्ष्य से भी ज्यादा सदस्य बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश स्तर पर संगठन की नियुक्तियों की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जेजेपी मजबूत सांगठनिक ढांचे के साथ आगामी विधानसभा चुनावों में दमदारी से मैदान में उतरेगी।