




Inkhabar Haryana, Ambedkar Honor March: कांग्रेस पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में आज एक ऐतिहासिक मार्च का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य भारत रत्न बाबा साहेब अंबेडकर के सम्मान और संविधान की रक्षा का संदेश देना था। इस मार्च में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च की शुरुआत कांग्रेस पार्टी भवन से हुई और अंबेडकर चौक पर समाप्त हुई, जहां कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीरें थामे संविधान और उनके विचारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने संबोधन में बीजेपी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और उसके नेता बार-बार संविधान और इसके निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान कर रहे हैं। यह देश इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। कांग्रेस पार्टी बाबा साहेब और उनके आदर्शों की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
हुड्डा ने इस बात पर भी जोर दिया कि उनके पिता, रणबीर सिंह हुड्डा, ने भी संविधान निर्माण में भाग लिया था और इस पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने गर्व के साथ कहा, “हमारे परिवार का यह गौरवशाली इतिहास हमें संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। कांग्रेस बाबा साहेब के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।”
मार्च के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधियों ने डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए कदम उठाने और बीजेपी की कथित संविधान-विरोधी नीतियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
इससे पहले, भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मणिपुर के इंफाल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए किलोई गांव के जवान सुनील को श्रद्धांजलि अर्पित की। हुड्डा शहीद के पैतृक गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सैन्य सम्मान के साथ किए गए अंतिम संस्कार में भाग लिया। शहीद के परिवार से मुलाकात करते हुए उन्होंने दुख की इस घड़ी में उनका साहस बढ़ाया और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।




