




Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने हाल ही में एक बयान में स्पष्ट रूप से कहा कि हिंदुस्तान हिंदुओं का घर है। अगर हिंदुस्तानी अपने घर में अपने आराध्य का नाम नहीं लेंगे तो फिर किसका नाम लेंगे? उनके इस बयान ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। अनिल विज ने यह बयान महबूबा मुफ्ती की बेटी द्वारा जय श्री राम के नारे को लेकर दिए गए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिया।
मंत्री विज ने आगे कहा कि हिंदुस्तान का संधि विच्छेद भी करो तो हिंदुओं का स्थान रहेगा, बाकी सब यहां मेहमान हैं। जब उनसे महबूबा मुफ्ती की बेटी के बयान के बारे में पूछा गया कि जय श्री राम के नारे जबरदस्ती चलाए जा रहे हैं, तो अनिल विज ने अपनी बात रखते हुए कहा कि ठीक है, हम मेहमानों को पूरी इज्जत देते हैं, लेकिन यह देश हिंदुओं का ही है, इसलिए हिंदुस्तान नाम से जाना जाता है।
अनिल विज ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। जब राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़े व्यापारियों के कर्ज माफ करने का आरोप लगाया, तो अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी बिना किसी आधार के बिना सिर-पैर की बातें करते हैं। अब तो उनकी उम्र भी ज्यादा हो गई है और अब उन्हें समझ आ जानी चाहिए। विज ने राहुल गांधी के बयानों को राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए बेतुकी और बिना तथ्यों के बताया।
हरियाणा के आगामी चुनावों के बारे में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी द्वारा की गई समीक्षा पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि अब दिल के बहलाने को ग़ालिब ख्याल अच्छा है। कांग्रेस हार चुकी है, चाहे वे कितने भी तर्क दे लें। जनता ने उन्हें नकार दिया है, और राजनीति का तकाजा यह है कि जनता के फैसले को सहर्ष स्वीकार कर लेना चाहिए।




