Inkhabar Haryana, Anil Vij: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) और संभल समेत कई स्थानों पर होली और जुमे को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। इस मुद्दे पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बेबाक टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि ‘हिंदुस्तान’ शब्द का संधि-विच्छेद किया जाए तो इसका अर्थ ‘हिंदुओं का स्थान’ होता है। ऐसे में यदि आप भारत में रह रहे हैं, तो आपको हिंदू त्योहारों को सहन करने की शक्ति रखनी होगी।
‘होली नहीं खेलता, तो घर में रहता हूं’
अनिल विज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब कोई हिंदू अपने त्योहार मनाएगा, तो हो सकता है कि उसका असर अन्य समुदायों पर भी पड़े, लेकिन इसे सहन करने का साहस सबमें होना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं खुद होली नहीं खेलता, तो अपने घर में रहता हूँ। लेकिन अगर बाहर निकलोगे, तो थोड़े बहुत कपड़े गीले होंगे ही। इसलिए इसे सहन करना पड़ता है।”
निकाय चुनाव में भाजपा की बंपर जीत
इसके अलावा, हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली भारी जीत पर भी अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अंबाला की जनता ने भी भाजपा को भरपूर समर्थन दिया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को श्रेय दिया और कहा कि देश की दिशा और दशा में बड़ा बदलाव आया है।
‘कांग्रेस झूठ और फरेब की राजनीति करती थी’
अनिल विज ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि 50 वर्षों तक कांग्रेस ने झूठ और फरेब की राजनीति की, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और स्थानीय स्तर पर जो कार्य किए गए हैं, वे विकास को प्राथमिकता देने वाले हैं और जनता ने इसी नीति को पसंद किया है। हरियाणा के निकाय चुनावों में भाजपा की बंपर जीत और होली विवाद पर अनिल विज की टिप्पणी ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। उनकी बयानबाजी हमेशा से बेबाक और स्पष्ट रही है, और इस बार भी उन्होंने अपने अंदाज में अपनी राय रखी।