विनोद लांबा, दिल्ली
Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। प्रियंका गांधी द्वारा संसद में फिलीस्तीन के समर्थन वाले बैग को लेकर जाने पर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने उन्हें एक मॉडल की उपमा दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मॉडल को कुछ भी पकड़ा दिया जाता है, उसी प्रकार प्रियंका गांधी जी कर रही है। यह कोई नई बात नहीं है। अक्सर मॉडलिंग में ऐसा होता है।
सुरजेवाला पर पलटवार
विज ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को भी निशाने पर लिया। सुरजेवाला द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक व्यक्ति की पूजा और अंधभक्ति ने संस्थानों को कमजोर किया का जवाब देते हुए विज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सुरजेवाला पिछले 70 सालों से एक ही परिवार की गुलामी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने काम करके दिखाया है और काम की पूजा होनी चाहिए।
‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ पर विज का समर्थन
‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ के मुद्दे पर विज ने इसे सरकार का बेहतरीन निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार आचार संहिता लागू होने से विकास कार्य रुक जाते हैं। कांग्रेस द्वारा यह कहे जाने पर कि सरकार के पास इसे लागू करने के लिए दो तिहाई बहुमत नहीं है, विज ने तंज कसा कि अब यह प्रॉपर्टी हाउस की है। पास करना हाउस का काम है, किसी व्यक्ति विशेष का नहीं।
शंभू बॉर्डर और किसान आंदोलन पर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई
पंजाब में किसानों द्वारा रेल रोकने और शंभू बॉर्डर विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट के अधीन है। उन्होंने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट इस पर गौर कर रहा है। देखते हैं, इसका क्या फैसला होता है।
कांग्रेस में कलह पर व्यंग्य
कांग्रेस पार्टी में बढ़ती आंतरिक कलह पर भी विज ने चुटकी ली। हरियाणा कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह द्वारा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग पर विज ने कहा कि कांग्रेस में यह खेल चलता रहता है। यह छोटी-मोटी एंटरटेनमेंट है, जिसे देखने में मजा आता है।