




अनिल विज ने यह टिप्पणी केजरीवाल के उस बयान के संदर्भ में की, जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली के लिए कुछ न करने का आरोप लगाया था। चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि केजरीवाल भले ही जेल से बाहर हैं, लेकिन वह अभी बरी नहीं हुए हैं। भ्रष्टाचार का केस उनके खिलाफ अभी भी जारी है। ऐसे में उन्हें किसी भी प्रकार से भाजपा या किसी और पर बोलने का अधिकार नहीं है।
किसान नेता डल्लेवाल को अस्पताल में भर्ती कराने के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई कमेटी की चर्चा करते हुए अनिल विज ने पंजाब सरकार पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में जो हिदायतें दी थीं, पंजाब सरकार उनकी पालना नहीं कर रही है। उनकी मंशा क्या है, यह समझ से परे है। ऐसा लगता है कि वे पंजाब के हालात बिगाड़ने का इंतजार कर रहे हैं।”
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार द्वारा दिल्ली में कांग्रेस सरकार आने पर “प्यारी दीदी योजना” शुरू करने के बयान पर अनिल विज ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को पता है कि उनकी दिल्ली में सरकार नहीं आने वाली, इसलिए वे जितनी मर्जी घोषणाएं कर लें। उनका इन पर कोई दायित्व नहीं बनता। यह स्थिति ‘न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी’ जैसी है।”
अनिल विज के इन तीखे बयानों के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। जहां उन्होंने केजरीवाल की साख पर सवाल उठाए, वहीं पंजाब और कांग्रेस को लेकर उनकी टिप्पणियां विपक्ष को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश लग रही हैं।




