Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij: “खड़गे ने पूरे हिंदु समाज का अपमान किया हैं इसके लिए उन्हें कान पकड़कर सारे हिन्दू समाज से माफी मांगनी चाहिए”- अनिल विज

Anil Vij: “खड़गे ने पूरे हिंदु समाज का अपमान किया हैं इसके लिए उन्हें कान पकड़कर सारे हिन्दू समाज से माफी मांगनी चाहिए”- अनिल विज

BY: • LAST UPDATED : January 28, 2025
Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विज ने कहा कि खड़गे ने भाजपा नेताओं के महाकुंभ में डुबकी लगाने पर तंज कसते हुए पूरे हिंदू समाज का अपमान किया है। उन्होंने खड़गे से मांग की कि वह कान पकड़कर पूरे हिंदू समाज से माफी मांगें।

खड़गे के बयान पर विज की प्रतिक्रिया

मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने खड़गे के उस बयान को लेकर निशाना साधा, जिसमें खड़गे ने कहा था कि गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर नहीं होगी। विज ने इसे हिंदू समाज की धार्मिक आस्थाओं पर चोट बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने-अपने तरीके से अनुष्ठान करने का अधिकार है। कोई पूर्व की ओर मुंह करके प्रार्थना करता है, कोई दक्षिण की ओर, कोई स्थिर होकर ध्यान करता है, तो कोई उठक-बैठक करता है। ये सबकी अपनी आस्था है।

विज ने कहा कि जो लोग धर्म को समझते नहीं हैं, उन्हें धर्म पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि खड़गे ने पूरे हिंदू समाज का अपमान किया है। उन्हें इसके लिए कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए।

Advertisement

केजरीवाल पर भी हमला

इस दौरान विज ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। हाल ही में केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा सरकार यमुना नदी के पानी में जहर घोल रही है। इसका जवाब देते हुए विज ने कहा कि केजरीवाल अपने झूठे वादों से देश में जहर घोल रहे हैं। दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से आपकी सरकार है, लेकिन यमुना को साफ करने में आप असफल रहे। अब अपनी नाकामयाबियों का दोष हरियाणा सरकार पर मढ़ रहे हैं।

विज ने आगे कहा कि दिल्ली की गंदगी को साफ करना हरियाणा सरकार का काम नहीं है। वह गंदगी तो केजरीवाल ही साफ करेंगे। लेकिन, अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए वह दूसरों पर दोषारोपण कर रहे हैं।

विज ने दिया हिंदू धर्म और समाज पर जोर

विज ने कहा कि हिंदू समाज अपनी विविधताओं और आस्थाओं के लिए जाना जाता है। हर किसी को अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा-पाठ करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी नेता को हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है।