Advertisement
Advertisement
होम / Anil vij News: अनिल विज के तीखे बयानों का दौर, इन मामलों पर विपक्ष को घेरा

Anil vij News: अनिल विज के तीखे बयानों का दौर, इन मामलों पर विपक्ष को घेरा

BY: • LAST UPDATED : November 28, 2024
Inkhabar Haryana, Anil vij News: हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर अपने तीखे और बेबाक बयानों से राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस पार्टी, पंजाब सरकार और बजरंग पूनिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय दी।

विज ने हुड्डा पर किया कटाक्ष

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए अनिल विज ने कहा कि हुड्डा साहब का डेंगू 5 साल तक नहीं उतरेगा। विज के इस बयान को विपक्ष के प्रति राजनीतिक तंज के रूप में देखा जा रहा है। उनका इशारा हुड्डा और कांग्रेस के चुनावी वादों और राजनीतिक रणनीतियों पर था।

डेंगू से निपटने की तैयारियों पर बोलते हुए विज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। अस्पतालों में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की गई है और फॉगिंग की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विज ने कहा कि सरकार हर संभव कदम उठा रही है ताकि राज्य में डेंगू का प्रभाव न्यूनतम रहे।

Advertisement

विपक्ष को अपनी हार पर मंथन करना चाहिए

ईवीएम को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए विज ने कहा कि जब कांग्रेस जीतती है, तो ईवीएम सही होती है। लेकिन जब वह हारती है, तो ईवीएम पर सवाल उठाती है। विपक्ष को गंभीरता से सोचना चाहिए और अपनी पराजय के कारणों पर मंथन करना चाहिए।

शंभू बॉर्डर पर बैठे किसानों के मुद्दे पर विज ने पंजाब सरकार और विपक्ष को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि यह मसला पंजाब सरकार और उसके नेताओं की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस मुद्दे को हल करने के लिए कुछ नहीं किया।

हरियाणा के पानी के अधिकार पर दिया जोर

हरियाणा और पंजाब के बीच पानी विवाद पर विज ने कहा कि हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिलना चाहिए। पंजाब सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। पानी चोरी नहीं हो सकता क्योंकि पानी का माप होता है। हरियाणा को उसका हक मिलना चाहिए।

बजरंग पूनिया को नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (NADA) द्वारा निलंबित किए जाने पर विज ने कहा कि NADA एक अंतरराष्ट्रीय संस्था है और उसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाना उचित नहीं। खेल और राजनीति को अलग रखना बेहद जरूरी है।