Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij on Delhi Election 2025: “हरियाणा की तरह दिल्ली में भी बीजेपी सरकार की जीत होगी”- अनिल विज

Anil Vij on Delhi Election 2025: “हरियाणा की तरह दिल्ली में भी बीजेपी सरकार की जीत होगी”- अनिल विज

BY: • LAST UPDATED : February 6, 2025
Inkhabar Haryana, Anil Vij on Delhi Election 2025: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज हमेशा अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल, अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीय युवाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुंभ स्नान पर उठाए गए सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उनके बयानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

दिल्ली चुनाव में बीजेपी की जीत का दावा

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अनिल विज ने एक बार फिर स्पष्ट रूप से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही जीत दर्ज करेगी। उन्होंने एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज करते हुए कहा, “मैं पहले दिन से कह रहा हूं कि भाजपा जीतेगी। हरियाणा में भी मैंने कहा था कि भाजपा जीतेगी और वही हुआ। दिल्ली में भी यही होगा और भाजपा सरकार बनाएगी।”

शिवसेना नेता संजय राउत द्वारा भाजपा पर पैसे के खेल का आरोप लगाने पर भी विज ने तंज कसते हुए कहा कि रोने वाले रोते रहेंगे, जितने वाले जीत गए। उनके इस बयान से साफ जाहिर होता है कि वे दिल्ली में भाजपा की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।

Advertisement

डिपोर्ट हुए युवाओं पर विज की दो टूक

पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की थी कि वे अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीय युवाओं के मुद्दे पर अपने मित्र और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करें। इस पर अनिल विज ने दो टूक जवाब देते हुए कहा, “अगर कोई भी व्यक्ति किसी देश में अवैध रूप से रह रहा है, तो उस देश को उसे बाहर निकालने का पूरा अधिकार है। ट्रंप ने कोई गलती नहीं की।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत को इस मामले से सीख लेनी चाहिए और अवैध रूप से देश में रहने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त नीति बनानी चाहिए। विज ने कटाक्ष करते हुए कहा, “भारत में भी लाखों-करोड़ों लोग बिना दस्तावेजों के घूम रहे हैं। ये पैदा कहीं और हुए हैं और रोटियां भारत की खा रहे हैं। उनके बारे में सोचना जरूरी है।”

मोदी के कुंभ स्नान पर उठे सवालों का जवाब

PM नरेंद्र मोदी के कुंभ स्नान पर विपक्ष द्वारा सवाल उठाने पर अनिल विज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर करारा जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि चुनाव तो सारे साल होते रहते हैं, तो क्या मोदी जी अपने धार्मिक अनुष्ठान सारा साल बंद रखें?

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए विज ने आगे कहा कि राहुल गांधी जी, आपकी पार्टी का चुनाव निशान ‘हाथ’ है, तो क्या चुनाव वाले दिन आप अपना हाथ घर रखकर आते हैं? उनके इस तंज ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।