Advertisement
Advertisement
होम / Anil Vij on Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में गरमाई सियासत, पाकिस्तान और विपक्ष को अनिल विज ने तगड़ा लपेटा

Anil Vij on Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में गरमाई सियासत, पाकिस्तान और विपक्ष को अनिल विज ने तगड़ा लपेटा

BY: • LAST UPDATED : July 29, 2025
Inkhabar Haryana, Anil Vij on Operation Sindoor: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लोकसभा में छिड़ी तीखी बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष और सत्ता पक्ष की तुलना एक क्रिकेट मैच से कर दी। विज ने अपने स्पष्ट और तीखे शब्दों में कहा कि यह पूरा घटनाक्रम भारत बनाम पाकिस्तान जैसा लग रहा है, जहां मैदान में भारतीय जनता पार्टी और उसकी सहयोगी पार्टियां भारत की ओर से खेल रही हैं, जबकि कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां पाकिस्तान की ओर से।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर लोकसभा में बहस

लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। एक ओर जहां सत्ता पक्ष ने ऑपरेशन की सफलता और आतंकवाद के खिलाफ सरकार की नीति को सशक्त बताया, वहीं विपक्ष ने कई सवाल खड़े किए। इसी बीच अनिल विज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह बहस एक “20-20 मैच” की तरह थी, जिसमें जीत अंततः भारत की ही होगी। उन्होंने कहा कि पूरा हिंदुस्तान देख रहा है कि कौन किस तरफ है और नतीजा साफ है जीत भारत की होगी।

‘ऑपरेशन महादेव’ और सुलेमान शाह की मौत

अनिल विज ने आगे ‘ऑपरेशन महादेव’ का ज़िक्र करते हुए श्रीनगर में हुई मुठभेड़ की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इस मुठभेड़ में पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड सुलेमान शाह उर्फ मूसा मारा गया, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। विज ने इसे भारत की सुरक्षा एजेंसियों की एक बड़ी उपलब्धि करार देते हुए कहा कि देश की सरकार आतंकवाद के खात्मे के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Advertisement

पाकिस्तान को भी दिया गया करारा जवाब- विज

मंत्री अनिल विज ने साफ शब्दों में पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में होने वाली आतंकवादी गतिविधियों के पीछे पाकिस्तान का हाथ होना किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने सिर्फ आतंकवादियों को नहीं, बल्कि पाकिस्तान को भी सबक सिखाया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आतंकवादी और पाकिस्तान सेना में फर्क सिर्फ इतना है कि एक वर्दी में होता है और दूसरा बिना वर्दी के।

भारत की नीति- जीरो टॉलरेंस टू टेररिज्म

विज के बयान से यह स्पष्ट होता है कि भारत की सरकार आतंकवाद के मामले में किसी भी प्रकार की नरमी बरतने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की अस्मिता पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह देश के अंदर हो या सीमा पार, भारत अब हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देने की नीति पर आगे बढ़ रहा है।