Inkhabar Haryana, Anil Vij on Vinesh Phogat: हरियाणा सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने हाल ही में विभिन्न मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने बिजली दरों से लेकर टोल प्लाजा, वक्फ बोर्ड बिल और खेलों में राजनीति जैसे विषयों पर स्पष्ट टिप्पणियां कीं। उनके इन बयानों ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक फैसलों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दिया है।
बिजली दरों में वृद्धि को लेकर विज की प्रतिक्रिया
बिजली दरों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर अनिल विज ने स्पष्ट किया कि बिजली की दरें हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (HERC) द्वारा निर्धारित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों से बिजली के रेट्स में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। अगर घाटे की भरपाई करनी होगी, तो अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले की गहन जांच के बाद ही कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा।
टोल प्लाजा के बढ़ते रेट्स को लेकर अनिल विज ने कहा कि केंद्र सरकार इसे सरल बनाने पर विचार कर रही है, जिससे जनता को अधिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में टोल दरों में वृद्धि संभव हो सकती है।
विनेश फोगाट विवाद पर स्पष्ट राय
अनिल विज ने खेल और राजनीति के संबंध में कहा कि खिलाड़ियों को राजनीति से दूर रहना चाहिए और सिर्फ खेल पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा खिलाड़ियों को कहा है राजनीति हमें करने दो,खेल में राजनीति ना करो
राहुल गांधी पर टिप्पणी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राहुल गांधी को “जला हुआ कारतूस” बताया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि यदि राहुल गांधी सच में “जला हुआ कारतूस” हैं, तो इंडी गठबंधन अभी तक क्यों नहीं टूटा? उनके इस बयान ने विपक्षी दलों में नई बहस छेड़ दी।
वक्फ बोर्ड बिल पर अनिल विज की प्रतिक्रिया
लोकसभा में वक्फ बोर्ड बिल को लेकर उठे सवालों पर अनिल विज ने कहा कि किसी भी अच्छे कानून का भी कुछ लोग विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड में कुछ खामियां हैं, जिनका अध्ययन कर उचित तरीके से बिल पास किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर जल्दबाजी नहीं की जाएगी और बिना चर्चा के किसी भी प्रकार की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने पर विज ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए थर्मल पावर बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा, राष्ट्रीय ग्रिड से बिजली ली जाती है, लेकिन शॉर्ट टर्म में ली जाने वाली बिजली महंगी पड़ती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर सब-स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जाएं और उन्हें अपग्रेड भी किया जाए।
अवैध वाहनों की समस्या पर विचार
अनिल विज ने स्वीकार किया कि अवैध वाहनों की समस्या काफी गंभीर है। उन्होंने कहा कि एक दिन उन्होंने खुद सड़क पर खड़े होकर लगभग 1.75 लाख चालान किए थे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस समस्या से पूरी तरह निजात पाने के लिए पर्याप्त स्टाफ की जरूरत है। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा नशे के खिलाफ निकाली गई पदयात्रा पर विज ने कहा कि यह एक बेहतरीन पहल है। उन्होंने कहा कि नशा एक सामाजिक बीमारी है, जिसे सिर्फ सख्ती से नहीं रोका जा सकता, बल्कि समाज में जागरूकता लाना भी अनिवार्य है।