Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को इस बात की शर्म नहीं आती कि वे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जैसे महान व्यक्तित्व के अंतिम संस्कार को लेकर भी राजनीति कर रहे हैं।
कांग्रेस के आरोपों को विज ने नकारा
विज मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया था कि पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करके उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई गई है। विज ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि कि जहां उनका स्मारक बनना है, उस स्थान का अभी निर्णय नहीं हुआ है। सरकार पहले ही कह चुकी है कि स्थान तलाशा जा रहा है। ऐसे में, जब स्थान तय नहीं हुआ, तो कहीं न कहीं तो संस्कार किया जाना था, और इसलिए निगमबोध घाट को चुना गया।
निगमबोध घाट पर कई महानुभाव के कदम पहुंचे: विज
विज ने बिना किसी का नाम लिए कटाक्ष करते हुए कहा कि इसी बहाने कई महानुभाव के कदम भी निगमबोध घाट पर चले गए, जो शायद वहां कभी नहीं जाते। निगमबोध घाट आम जनता के लिए बनाया गया शिवधाम है, और इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
पंजाब सरकार से सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने की अपील
एक अन्य मुद्दे पर बात करते हुए, अनिल विज ने पंजाब सरकार से सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने की अपील की। यह टिप्पणी किसान नेता दल्लेवाल को अस्पताल में स्थानांतरित करने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर आधारित थी। विज ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार किसी भी तरह की राजनीति से बचते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार कार्रवाई करेगी।