Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक विशेषताओं और अन्य राजनीतिक दलों की कमजोरियों पर जोरदार हमला किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस, गांधी-नेहरू परिवार और राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें हर तीन साल में चुनाव और हर छह साल में नई सदस्यता होती है।
भाजपा की संगठनात्मक मजबूती पर विज का जोर
अनिल विज ने भाजपा की कार्यप्रणाली को अन्य राजनीतिक दलों से अलग बताते हुए कहा कि भाजपा एक संगठनात्मक पार्टी है। इसमें हर छह साल बाद नई सदस्यता होती है और हर तीन साल बाद चुनाव होते हैं। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद नीचे से ऊपर तक तय किए जाते हैं, जबकि अन्य दलों में यह परंपरा नहीं है।
कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस की आलोचना करते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस का कोई संगठनात्मक ढांचा नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब एक ढांचाविहीन पार्टी बन गई है। गांधी-नेहरू परिवार से ही कोई न कोई नेता हमेशा रहेगा। उनके पद बांटने का तरीका ऐसा है, जैसे एजेंसियां बांट रही हों।
राहुल गांधी और वियतनाम यात्रा का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी को लेकर विज ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि सारा देश शोक मना रहा है और राहुल गांधी नववर्ष मनाने के लिए वियतनाम चले गए हैं। यह उनके आदर्शों और संवेदनशीलता को दर्शाता है।” विज ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पूर्व में भी कांग्रेस पार्टी के प्रस्तावों का अनादर किया है।
मनमोहन सिंह पर कांग्रेस का रवैया
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी विवाद पर विज ने कहा कि कांग्रेस मनमोहन सिंह के स्वर्गवास को राजनीतिक मुद्दा बनाना चाहती थी। उनके रहते कांग्रेस ने उन्हें कभी सम्मान नहीं दिया। अब उनका स्मारक बनाने की बात कर रहे हैं, जिससे उनकी सच्चाई सामने आती है।
सोनिया गांधी की चिट्ठी पर सवाल
सोनिया गांधी द्वारा कांग्रेस अधिवेशन में लिखी चिट्ठी पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि गांधी विरासत खतरे में है, ऐसा कहने के बजाय उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर चिट्ठी किस विषय पर लिखी गई है।
हरियाणा की राजनीतिक स्थिति पर विज ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के अलावा किसी अन्य दल की अब कोई राजनीतिक हैसियत नहीं बची है। उन्होंने हाल ही में हुए चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि अन्य पार्टियां समाप्त हो चुकी हैं।