Inkhabar Haryana, Anil vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले बजट, चुनाव आयोग की निष्पक्षता, आम आदमी पार्टी की राजनीति और पंजाब सरकार की भूमिका पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा पेश किए गए सभी बजटों में देश के चहुंमुखी और सर्वांगीण विकास का ध्यान रखा गया है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों के विकास के लिए प्रयास किए जाते हैं, जो अब तक पीछे रह गए हैं।
बजट पर सरकार की प्रतिबद्धता
मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि हमारी सरकार जब से सत्ता में आई है, तब से हर बजट में हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी गई है। जो इलाके अब तक विकास की दौड़ में पीछे रह गए थे, उन्हें आगे लाने के लिए बजट में विशेष ध्यान दिया जाता है।
राजनीति में ‘गद्दारों’ की बढ़ती भूमिका
कांग्रेस के नए प्लान के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आजकल राजनीतिक पार्टियों में गद्दारों की बल्ले बल्ले हो रही है इसमें किसी को परेशान नहीं होना चाहिए, इन्हीं से ही नेता की नेतागिरी चलती है।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर जोर
पंजाब के CM भगवंत मान के दिल्ली आवास पर चुनाव आयोग की छापेमारी पर बोलते हुए विज ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र एजेंसी है। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए आयोग जो जरूरी समझता है, वह करता है। सभी चुनावों में इस तरह की कार्रवाई होती है, चाहे वह लोकसभा चुनाव हों या किसी राज्य के विधानसभा चुनाव। अगर बीजेपी के किसी नेता के खिलाफ भी सबूत मिलेंगे, तो चुनाव आयोग वहां भी कार्रवाई करेगा।इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि आप पार्टी के लोग चीखते ज्यादा हैं। इनको चीखने की बाकायदा ट्रेनिंग दी जाती है।
केजरीवाल की सफाई नीति पर निशाना
दिल्ली में सफाई के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के सांसद द्वारा अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर कूड़ा डालने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि केजरीवाल जी भाषणबाजी ज्यादा करते हैं, लेकिन उनकी खुद की पार्टी के सांसद ने उनकी सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। दिल्ली में कहीं भी नाले-नालियां साफ नहीं हैं, सड़कों पर धूल उड़ती है और प्रदूषण बढ़ रहा है।
केजरीवाल पर कार्रवाई की मांग
चुनाव आयोग के अधिकारी पर आरोप लगाने वाले केजरीवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि इस मामले में केजरीवाल पर कार्रवाई होनी चाहिए। अगर कोई अधिकारी अपने कार्यकाल के आखिरी दो महीनों में काम कर रहा है, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह किसी पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है। चुनाव आयोग एक स्वतंत्र एजेंसी है और आखिरी घंटे तक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का अधिकार रखता है।
पंजाब सरकार पर चुनावी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप
पंजाब सरकार की गाड़ियों में कैश मिलने के मामले पर विज ने कहा कि यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पंजाब सरकार अपने सरकारी अमले और संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है। दिल्ली के चुनावों में वोटरों को प्रभावित करने के लिए सरकारी संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। चुनाव आयोग को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, और मुझे लगता है कि वे ऐसा कर भी रहे हैं।