




Inkhabar Haryana, Anil Vij: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज कांग्रेस पार्टी पर जोरदार टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शिकंजे में जो आएगा, उसका करियर खराब होना तय है। यह बयान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए दिया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर कड़ी आलोचना की और पार्टी के प्रभाव को लेकर अपनी राय व्यक्त की।
विज ने मणिशंकर अय्यर के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें उन्होंने गांधी परिवार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनका करियर बर्बाद कर दिया। विज ने कहा कि मणिशंकर को अपनी पड़ी है। गांधी परिवार ने 50 साल तक देश पर राज किया और देश का करियर बर्बाद कर दिया। मणिशंकर क्या है, उनके सामने। विज ने यह भी जोड़ा कि जो लोग गांधी परिवार के कब्जे में आएंगे, उनका करियर खराब होना तय है।
किसान आंदोलन को लेकर भी अनिल विज ने अपने विचार रखे। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसान ट्रैक्टर मार्च अनुमति निकाले और रेल रोकने की बजाए कोई और रास्ता अपनाएं। उनका कहना था कि रेल रोको जैसे प्रदर्शन से लाखों लोगों को परेशानी होती है और इससे सार्वजनिक परिवहन प्रभावित होता है। विज ने किसानों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन से इजाजत लेकर अपनी बात रखने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को किसी और तरीके से अपना विरोध जताना चाहिए, ताकि उनकी आवाज भी उठ सके और आम जनता को कोई परेशानी न हो।
विज ने देश के संविधान और लोकतंत्र के बारे में भी अपनी राय साझा की। शिव सेना सांसद संजय राउत के उस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, जिसमें उन्होंने वर्तमान सरकार को भारत के संविधान के खिलाफ बताया था, विज ने कहा कि हारा हुआ इंसान डिप्रेशन में होता है और जो डिप्रेशन में होता है, उसे सब कुछ बुरा ही नजर आता है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि देश के प्रजातंत्र के चारों पहिए – न्यायपालिका, संसद, चुनाव आयोग और राजभवन, सही तरीके से अपना कार्य कर रहे हैं।




